कासगंज: महाशिवरात्रि...101 लीटर की कांवड़ से भोलेनाथ का करेंगे जलाभिषेक
कासगंज, अमृत विचार। आगामी 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर सड़कों पर कांवड़ियों का समूह बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं। शिवभक्त कावड़ में गंगाजल भरकर लाते हैं और शिवलिंग पर अर्पित करते हैं। लिहाजा अभी से सड़कों पर चारों तरफ हर-हर और बम-बम के जयकारे गूंज रहे हैं। मथुरा जिले के हयातपुर गांव से कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों ने बताया कि मनोकामना पूरी होने पर 101 लीटर की कांवड़ ले जा रहे हैं।
श्रावण माह के अलावा फाल्गुन माह में महाशिवरात्रि पर्व पर बरेली मथुरा मार्ग पर कांवड़ियों का भारी दबाव रहता है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों के अलग अलग समूहों का रेला देखा जाता है। इस समय दूरदराज के क्षेत्रों के कांवड़ियों का समूह श्रद्धाभाव से जनपद में सोरों जी एवं निकटवर्ती कछला गंगा घाट पर गाड़ियों, ट्रैक्टर ट्रॉली , बाइक एवं अन्य वाहनों के जरिए कांवड़ भरने जा रहे हैं। वापस लौटकर श्रद्धानुरूप अपने इच्छित शिव मंदिर पर उसे चढ़ाकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए प्रशासन ने भी अपने इंतेजाम कर लिए हैं जिससे उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पड़े। शहर में डिवाइडर पर बने कट को बैरिकेटिंग कर बंद किया गया है साथ ही भारी यातायात के लिए रूट डाइवर्जन भी किया गया है।
आस्था के आड़े नहीं आया छोटा कद
जनपद मथुरा के हयातपुर गांव निवासी चार फुट लंबे जीतू एवं उनके सहयोगी कछला गंगा घाट से 101 लीटर गंगाजल की कांवड़ अपने गांव के मंदिर में चढ़ाने ले जा रहे हैं। ईश्वर ने उनको छोटा शरीर दिया है, लेकिन उनके अंदर आस्था का जज्बा कूटकूटकर भरा था। ऐसा शरीर उनकी आस्था के आड़े नहीं आया और 101 लीटर गंगाजल की कांवड़ पूरे मनोयोग से ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे की प्राप्ति के बाद ये कांवड़ उठाई है। परिवार के सभी लोग शिवरात्रि के दिन अपने गांव के मंदिर में शिवलिंग पर जल अर्पित करेंगे।
दो दिन बंद रहेगी मटर मंडी
बरेली मथुरा मार्ग स्थित कस्बा मोहनपुरा में लगने वाली हरी मटर की मंडी इन दिनों अपने शबाब पर है। जिससे मार्ग पर काफी लंबा जाम लग जाता है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल मोहनपुरा इकाई के अध्यक्ष अशोक सक्सेना और धर्मवीर सिंह राजपूत ने बताया कि जिला प्रशासन से मिले निर्देशों के क्रम में कांवड़ियों की सुविधा के लिए आगामी 24 और 25 फरवरी को मोहनपुरा मटर मंडी में फली की खरीद फरोख्त बंद रहेगी। मटर व्यापारी रेवाशंकर ने किसानों से अपील की है कि सोमवार और मंगलवार को कोई भी किसान अपनी मटर को मंडी में बेचने न लाएं। 26 फरवरी को यथावत मटर मंडी खुली रहेगी।
ये भी पढ़ें - कासगंज : यात्रा करने से पहले जान ले किधर निकलेंगे वाहन, किया गया डायवर्जन
