Kanpur में पेड़ से लटका मिला मूकबधिर युवक का शव: पिता ने जताई अनहोनी की आशंका, बोले- जेब से गायब थे नकदी और मोबाइल
कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मूकबधिर का शव घर से चार किमी दूर पेड़ से लटका मिला। जिससे हड़कंप मच गया। पिता के अनुसार उसे एक दोस्त चार दिन पहले ले गया था। दोस्त रविवार सुबह घर आया और उसने मिठाई का डिब्बा और धोती दी। बेटे के जानकारी करने पर उसने बताया कि उसने रात में ही उसे हाईवे किनारे छोड़ दिया था। पिता ने उसके जेब से नकदी और मोबाइल गायब होने पर अनहोनी की आशंका जाहिर की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
महाराजपुर के महौली गांव निवासी रामबाबू का 30 वर्षीय पुत्र अंशू मूकबधिर था। सात वर्ष पूर्व उसकी शादी श्रीकृष्ण की बेटी मूकबधिर दाया से हुई थी। दोनों के एक बेटा रौनक है। घर पर बड़ा भाई आशू व मां सोमवती है। किसान पिता ने बताया कि 19 फरवरी को बेटा घर में था तभी मंगलू सिंह उसे अपने एक रिश्तेदार की शादी में काम कराने के लिए घर से ले गया था। इसके बाद 23 फरवरी की सुबह वह घर आया और उसने मिठाई का एक डिब्बा और धोती थी। इस पर उन्होंने अंशू के बारे में पूछा तो बोला कि उसे शनिवार रात ही हाईवे किनारे छोड़ दिया था।
इसके बाद उन लोगों ने उसकी तलाश शुरू की तो घर से चार किमी दूर प्रयागराज हाईवे किनारे पेड़ से गमछे के सहारे उसका शव फांसी के फंदे से लटकता पाया। जिस पर वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर शव को नीचे उतरवाया। पिता का आरोप है, कि उसके पास शादी और अन्य करीब 10-15 हजार रुपये और मोबाइल फोन था। जो मौके से गायब मिला है। आरोप है, कि निश्चित उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। इस संबंध में महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय पांडेय के अनुसार घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
