Kanpur में जाम बेलगाम, रोज बिगाड़े सबके काम, कोढ़ में खाज बनी ई-रिक्शा और आटो की अराजकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। शहर की आबादी 50 लाख पार हो चुकी है। वाहनों की संख्या 18 लाख पहुंच चुकी है। अतिक्रमण सड़कें लगातार लील रहा है। इस कारण दिन हो या रात शहर यातायात जाम का शिकार रहता है। इसके चलते वाहनों की ईंधन खपत 20 फीसदी और प्रदूषण कारी गैसों का उत्सर्जन 15 फीसदी तक बढ़ जाता है। इसके साथ ही लोगों का महत्वपूर्ण समय बर्बाद होने की कीमत उन्हें नहीं लौटाई जा सकती है।  

शहर के लगभग सभी इलाकों में कब्जेदार फुटपाथ चबा गए हैं। सड़कों पर दोनों ओर ठेले, खोमचे वाले काबिज रहते हैं और इनके आगे वाहन खड़े होते हैं। ऐसे में सुगम यातायात के लिए जगह नहीं बचने पर वाहन सवारों को पैदल चलने वाले राहगीरों से संभलकर और बचकर निकलने का रास्ता खोजना या रुकना पड़ता है। 

सीसामऊ, आर्यनगर, नवीन मार्केट, बिरहाना रोड, मेस्टन रोड, गुमटी, जनरलगंज, नयागंज, हालसी रोड, नई सड़क, परेड, बेकनगंज, मूलगंज, बांसमंडी, चमनगंज, गोविंद नगर, कर्रही, घंटाघर, लालबंगला बाजार अगर अतिक्रमण के बोझ तले कराह रहे हैं, तो प्रमुख सड़कें भी अव्यवस्था और मनमानी का शिकार हैं। अतिक्रमण के कारण संकरी हुई सड़कों पर वाहनों की भरमार से एक किमी की दूरी तय करने में वाहन चालकों को सुबह और शाम के व्यस्त समय में औसतन आधा घंटा समय लग जाता है। 

अस्थाई दुकानें व ठेले बढ़ाते मुसीबत  

चौराहों के साथ सड़कों पर फुटकर दुकानदारों ने कब्जा जमा रखा है। परेड, पीरोड, गुमटी, लालबंगला, गोविंदनगर, नयागंज समेत प्रमुख सड़कों पर ठेले, रेहड़ी, खोमचे, चश्मा, कपड़ा वालों के अस्थाई दुकानें लगने से यातायात फंसता है। 

फुटपाथ पूरे शहर में गायब 

पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए बनाए गए फुटपाथ पूरे शहर में गायब हो चुके हैं। फुटपाथ पर दुकानदारों के अस्थाई कब्जे से जाम की समस्या से लोगों को जूझना दिनचर्या में शामिल हो गया है। 

ई-रिक्शा, आटो बने कोढ़ में खाज 
 
प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात रहती है, मगर ऑटो, टेंपो व ई-रिक्शा चालक खुली अराजकता करते हैं। जहां मन हुआ, वहीं ब्रेक लगाकर खड़े हो गए। किसी ने एतराज जताया तो लड़ने पर आमादा हो जाते हैं।  

यह भी पढ़ें- अब Kanpur के इन चौराहों का होगा कायाकल्प... नगर निगम हरियाली, फव्वारों और खूबसूरत रोशनी की करेगा व्यवस्था

 

संबंधित समाचार