संगम में पानी की गुणवत्ता को लेकर केन्द्र और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आपस में भिड़े : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार महाकुंभ आयोजन में भी फेल हो गई है। संगम में पानी की गुणवत्ता को लेकर केन्द्र और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आपस में लड़ रहे हैं। सफाई और पानी की गुणवत्ता में फेल हो गई। यातायात व्यवस्था करने में फेल हो गई।
सपा प्रमुख ने रविवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने गंगा मां की सफाई के लिए बड़े-बड़े दावे किए लेकिन साफ नहीं कर पाए। महाकुंभ में भगदड़ में मृतक परिवारों और घायलों की मदद नहीं की। आने-जाने के दौरान दुर्घटनाओं में मृतक श्रद्धालुओं की भी इस सरकार ने मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महाकुंभ के आयोजन में महा घपला किया है। मां गंगा की सफाई का दावा करने वाले लोग पूरा बजट साफ कर गए। सड़कों के गड्ढों को भरने के नाम पर सब रुपया अपनी जेब में रख लिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं कन्नौज में एक मंदिर में गया था, मेरे वहां से लौटने के बाद भाजपा के लोगों ने मंदिर को गंगा जल से धोया था। महाकुंभ में मैंने गंगा में स्नान कर लिया, भाजपा के लोग बताएं कि मां गंगा को किससे और कैसे धोएंगे।
डबल इंजन में एक विदेशी तो नहीं
अमृत विचार। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 21 मिलियन डॉलर दिए जाने संबंधी बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा ट्रिलियन-ट्रिलियन डॉलर का जो राग अलाप रही है, उसमें अमेरिका से आया 21 मिलियन डॉलर भी जुड़ा है क्या। कहीं, डबल इंजन सरकार में एक इंजन विदेशी तो नहीं है।
यह भी पढ़ें: केशव मौर्य ने अखिलेश-राहुल पर साधा निशाना, कहा- ये लोग देश का भला नहीं कर सकते
