Ayodhya News : सीएमओ के औचक निरीक्षण में दो चिकित्सक समेत 9 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले
Ayodhya, Amrit Vichar : मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सीएचसी मसौधा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो डॉक्टर समेत 9 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं दूसरी तरफ सीएचसी प्रभारी डाॅ. आलोक रंजन को 24 घंटे चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए गए।
जिला मुख्यालय से तकरीबन 5 किलोमीटर दूर अयोध्या -प्रयागराज हाईवे पर स्थित सीएचसी मसौधा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोद लिया गया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है। जो कागज में सुविधाओं से तो लैस है, लेकिन हकीकत कुछ इतर है। यहां 6 डाॅक्टरों समेत 25 कर्मचारियों का स्टाफ है। एक्स-रे मशीन भगवान भरोसे है। डॉ. पुष्पेंद्र कुमार अपने प्रशासनिक हमले के साथ सीएचसी मसौधा पहुंच गए। वह सीधे ओपीडी कक्ष में गए। जहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहे। मरीज डाॅक्टर के इंतजार में थे। ओपीडी का नजारा देख सीएमओ भड़क गए।
उन्होंने सीएससी प्रभारी डॉक्टर आलोक रंजन से उपस्थिति पंजिका मांग लिया और एक-एक कर हर कक्ष में खुद पहुंचकर जांच करने लगे। फूल कुमारी सहित 6 स्थाई कर्मचारी नदारद मिले और तीन अस्थाई कर्मचारी भी गायब थे। डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि सीएचसी मसौधा में अनुपस्थित मिले दोनों डॉक्टरों सहित सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर ना मिलने पर कड़ी कार्रवाई भी होगी।
100 शैय्या अस्पताल के डॉ. अरविंद मौर्य के खिलाफ जांच शुरू
भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. रजनीश सिंह की शिकायत पर कुमारगंज के 100 शैय्या अस्पताल में तैनात डॉ. अरविंद मौर्या के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। सीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. रजनीश सिंह ने 100 शैय्या के चिकित्सक डॉ.अरविंद मौर्या पर आरोप लगाया था कि वह निजी प्रेक्टिस भी करते हैं। यह खबर मीडिया में आने के बाद सीएमओ डॉ.पुष्पेंद्र कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आशुतोष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कमेटी का गठन करते हुए जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ.राममणि शुक्ला व डिप्टी सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश त्रिपाठी को नामित किया है। कमेटी को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी पहलुओं की गहन जांच करें और तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
यह भी पढ़ें- Gonda News : 20 करोड़ रुपये से कराए जायेंगे 750 विकास कार्य, क्षेत्र पंचायत की बैठक में मिली स्वीकृति
