Kanpur: छीना गया भाजपा नेता सर्वेश शुक्ला बमबम का गनर... महिला ने लगाया था घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप
कानपुर, अमृत विचार। काकादेव थानाक्षेत्र में इंदिरा गांधी मलिन बस्ती निवासी महिला के घर में घुसकर अभद्रता कर धमकाने की घटना के बाद भाजपा नेता सर्वेश शुक्ला बमबम पर रिपोर्ट होते ही पुलिस कमिश्नर ने उसका गनर हटा दिया है। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से बमबम को गनर दिया गया था। चर्चित नेता उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खास माने जाते हैं। इसके बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बस्ती में रहने वाली पीड़ित शकुंतला दीक्षित ने भाजपा नेता सर्वेश शुक्ला उर्फ बमबम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि भाजपा नेता ने बस्ती में खुद बिजली कनेक्शन कर रखा है और पूरी बस्ती में बिजली का कनेक्श बांटकर वसूली करते हैं। केस्को का छापा पड़ने के बाद महिला को जानकारी हुई कि भाजपा नेता सर्वेश शुक्ला बमबम ने खुद अवैध कनेक्शन पर किराए पर बिजली बांटी है। उसने बिजली कनेक्शन का रुपये देने से इंकार किया तो भाजपा नेता ने अपने साथियों के साथ महिला के घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता की थी।
इसके बाद महिला की तहरीर पर भाजपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इस विवाद के बाद सोमवार को पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने भाजपा नेता का गनर छीन लिया। घटना के बाद एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें भाजपा नेता और एक व्यक्ति दोनों एक दूसरे को गाली दे रहे हैं। भाजपा नेता से बात कर रहा व्यक्ति धमकाते हुए और गाली-गलौज करते हुए कह रहा है कि तुम मेरी गैर मौजूदगी में मेरे घर कैसे गए। तो भाजपा नेता भी इसके जवाब में गालीगलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। काकादेव इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया के अनुसार घटना की जांच की जा रही है।
