Chitrakoot में शादी के 12 दिन बाद आत्महत्या: युवक ने वीडियो कॉल के दौरान लगाई फांसी, घर में मचा हाहाकार, जानिए मामला
चित्रकूट (रामनगर), अमृत विचार। एक युवक ने वीडियो काल पर किसी युवती से बात की और फिर फांसी लगा ली। उसकी इसी माह शादी हुई थी। पत्नी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी और वह विधवा हो गई। घटना से घर में हाहाकार मच गया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के ग्राम पंचायत इंटवा के दीपक (25) पुत्र हनुमान प्रसाद ने सोमवार सुबह लगभग दस बजे घर के पास लगे आम के पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, युवक किसी युवती से बात कर रहा था और इसी दौरान उसने मफलर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। युवक की इसी माह शादी हुई थी।
गांव के चरवाहे की नजर जब पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी तो उसने परिजनों को सूचना दी। ग्रामीण की मदद से परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि युवक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। यह अपने बड़े भाई के साथ दिल्ली में किसी कंपनी में काम करता था। बताया जाता है कि वहीं किसी युवती से इसकी गहरी दोस्ती थी।
आशंका है कि मरने से पहले युवक इसी युवती से वीडियो कालिंग कर रहा था। युवक की मौत से पत्नी आराधना की तबीयत बिगड़ गई तो मां कुसमा देवी रो रोकर बेसुध हो गई। पत्नी अभी शादी के बाद पहली बार मायके नहीं जा पाई कि पति ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर घटना स्थल पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। वहीं पर मिले युवक के मोबाइल को रैपुरा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
