लखीमपुर खीरी: गन्ना काट रहे मजदूर पर बाघ ने हमला कर किया घायल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पलियाकलां, अमृत विचार। गांव बसंतापुर में एक फार्मर के खेत में गन्ना छील रहे मजदूर पर बाघ ने हमला कर दिया। अन्य मजदूरों के शोर मचाने पर बाघ गन्ने के खेत में जा घुसा। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने गश्त कर बाघ की निगरानी शुरू कर दी है।

गांव सेमरी पुरवा निवासी आशाराम (40) बसंतापुर में किसी फार्मर के यहां मजदूरी पर गन्ना छील रहा था। इसी बीच गन्ने के खेत से निकले बाघ ने उस पर हमला बोल दिया। उसके चीखने पर अन्य मजदूरों ने शोर मचाया। इस पर बाघ उसे छोड़कर गन्ने के खेत में जा घुसा। साथी मजदूरों ने मजदूरों ने फार्मर को घटना की सूचना दी। इस पर फार्मर समेत तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। फार्मर ने घायल मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 

मझगई रेंज के रेंज अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास बाघ की सूचना कई दिन से मिल रही थी, जिसे देखते हुए अधीनस्थ स्टाफ को वहां भेज कर गश्त करने को कहा गया था । इसी बीच एक खेत में गन्ना छील रहे मजदूर पर गन्ने से निकले किसी हिंसक वन्य जीव ने हमला कर दिया। जिसकी सूचना मिलते ही वे स्टाफ सहित मौके पर रवाना हो गए और निरीक्षण कर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा। फिलहाल हमले में घायल  मजदूर की हालत ठीक बताई गई है। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: 12 साल के घरेलू नौकर की संदिग्ध हालात में मौत, शव रखकर हंगामा

संबंधित समाचार