Bareilly: विधानसभा में गूंजा अंडरपास निर्माण का मुद्दा, कैंट विधायक बोले- डेढ़ लाख आबादी को मिलेगा लाभ
बरेली, अमृत विचार: कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने मंगलवार को विधानसभा सत्र के दौरान सुभाष नगर में रेल लाइन अंडरपास का निर्माण कराने का मुद्दा उठाया। बोले, अगर अंडर पास का निर्माण करा दिया जाए तो इससे करीब डेढ़ लाख की आबादी का आवागमन सुगम होगा। विधायक ने तीन सौ बेड अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं से युक्त करने की की भी मांग उठाई। कहा कि ऐसा होने से बरेली की जनता को अच्छी और सस्ती चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। अभी बरेली में एक भी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी सरकारी अस्पताल नहीं है। उन्होंने यूपी बजट की भी सराहना की।
यह मांगें भी उठाईं
विधायक संजीव अग्रवाल ने बरेली से मथुरा, आगरा, जयपुर, राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए बरेली में बदायूं रोड पर नए बस अड्डे के निर्माण कराने, सेटेलाइट बस स्टेशन का विस्तार कर इसे एयरपोर्ट की तरह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने, प्रस्तावित बस टर्मिनल के कार्य को जल्द पूरा कराने, मेट्रो रेल सेवा जल्द शुरू कराने, बरेली सिविल एयरपोर्ट से चार धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कराने, लोकतंत्र सेनानी जो 70-75 वर्ष से अधिक आयु के हैं, उनके लिए सम्मान राशि बढ़ाने पर विचार करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- Bareilly: अदनान मियां की मिसाली पहल पर बसे 11 जोड़ों के घर
