हरदोई: झोलाछाप के इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, घर पहुंचते ही तोड़ा दम
हरदोई। झोलाछाप ने बुखार का इलाज करा रहे युवक के इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई, घर पहुंचते ही उसकी मौत हो। मामला साण्डी थाने के लालपुर कटरी का बताया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि साण्डी थाने के लालपुर कटरी निवासी 35 वर्षीय दाताराम पुत्र मोतीलाल खेती-बाड़ी कर परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियों और इकलौते बेटे दिनेश के साथ गुजर-बसर कर रहा था। जैसा कि दाताराम के घर वालों ने बताया कि दो दिनों से उसे बुखार आ रहा था, वह गांव में एक झोलाछाप से इलाज करा रहा था।
गुरुवार की शाम वह उसी उसी के पास दवाई लेने गया, जहां उसने दाताराम के इंजेक्शन लगाया, उसके लगते ही हालत बिगड़ने लगी, वह किसी तरह से घर पहुंच गया, उसकी हालत देख कर कोई कुछ समझ पाता, उसी बीच उसकी मौत हो गई।
दाताराम की मौत होते ही उसके घर में कोहराम मच गया। झोलाछाप पर गलत इलाज़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है। उसने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-UP में 12,325 बसें हो रहीं संचालित, गांवों को जोड़ने के लिए 1540 मार्गों का निर्धारण: दयाशंकर सिंह
