खराब मौसम में भी जवानों का जोश हाई, वीर नारियों की हौसला-अफजाई

Amrit Vichar Network
Published By Pawan Singh Kunwar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : मिलिट्री स्टेशन तिकोनिया में पूर्व सैनिक आउटरीच रैली शुरू होने से पहले ही मौसम बिगड़ गया। एक रात पहले से हो रही बारिश शुक्रवार को कार्यक्रम के दौरान भी जारी रही। बावजूद इसके पूर्व सैनिकों के जोश में कमी नही आई। जहां पूर्व सैनिकों का जोश हाई था तो वहीं वीर नारियों ने भी कार्यक्रम में अपनी पूरी सहभागिता निभाई। हल्द्वानी, बरेली और देहरादून के अधिकारियों ने शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की और वीर नारियों का सम्मान किया। पूर्व सैनिक, वीर नारी और आश्रितों के लिए स्वास्थ्य कैंप के साथ ही रोजगार पर जानकारी के स्टॉल लगाए गए।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल राजेंद्र राय, एसएम चीफ ऑफ स्टाफ मुख्यालय उत्तर भारत एरिया के साथ ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, वाई एसएम, कर्नल जतिन ढिल्लन स्टेशन कमांडर, कर्नल पृथ्वीराज सिंह रावत, वीएसएम (वैटरन्स शाखा प्रभारी) व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। जनरल राय ने हल्द्वानी, ऊधमसिंह नगर, भीमताल, बिंदुखत्ता, चकलुआ, रामनगर, कालाढूंगी, गदरपुर, बाजपुर, शांतिपुरी, रूद्रपुर और हल्दूचौड़ से कार्यक्रम में पहुंचे 1500 पूर्व सैनिक और वीर नारियों को सेना की ओर से भरोसा दिया कि पूर्व सैनिकों और आश्रितों की हर संभव मदद करने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं। जनरल राय ने उन सैनिकों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने अद्वितीय साहस और बलिदान से राष्ट्र की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा की और वीरगति को प्राप्त हुए। 

दिव्यांगों को स्कूटर, वीर नारियों को मिले चेक
 कार्यक्रम में पूर्व सैनिक और वीर नारियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। जनरल ऑफिसर ने 10 वीरांगनाओं को 10-10 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया। तीन दिव्यांग पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर पूरन सिंह, लांस नायक नर सिंह कार्की और सूबेदार पूरन कार्की को रेट्रोफिटेड मोबिलिटी स्कूटर दिए। जबकि 37 पूर्व सैनिकों 80 साल से उपर और 38 वीर नारियों को उपहार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने उन चार पूर्व सैनिक और परिवार को सम्मानित किया, जिन्होंने अल्मोड़ा जिले के मार्चुला में हुई बस दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर बचाने में निस्वार्थ भूमिका निभाई। 

संबंधित समाचार