घर बैठे कमाई के लालच में गवाएं 5.69 लाख रुपये: कानपुर में निवेश के नाम पर युवक से ठगी
साइबर ठगों ने रेलबाजार के युवक व अनवरगंज की युवती झांसा देकर की ठगी
कानपुर, अमृत विचार। साइबर ठग ने युवक व युवती को घर बैठे रुपये कमाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। अनवरगंज की युवती से 5.69 लाख रुपये व रेलबाजार के युवक से 66 हजार रुपये ठगे हैं। पीड़ितों ने साइबर सेल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अनवरगंज फूलवाली गली निवासी दरखशां अंजुम के अनुसार एक जनवरी को उसके मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें उन्हें रेटिंग कर घर बैठे रुपये कमाने का ऑफर दिया गया। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम एप से जोड़ा गया और कुछ टास्क दिए गए।
पीड़िता के अनुसार शुरुआत में रुपये लगाए तो बढ़कर मिले। इसके बाद बड़ा टास्क देने के नाम पर कई बार में 5.69 लाख रुपये जमा कराए गए। कई दिन बीत जाने पर जब रुपये नहीं मिले तो उन्होंने मांगे। इस पर ठगों ने उनका खाता बंद कर दिया और ग्रुप से बाहर निकाल दिया। फ्राड होने के संदेह पर पीड़िता ने शिकायत साइबर सेल थाने में की।
इसी प्रकार रेल बाजार ट्रैफिक पुलिस लाइन निवासी विमल कुमार के बेटे को भी साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया। घर बैठे रुपये कमाने का झांसा देकर 66 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने रेलबाजार थाने में मामले की शिकायत की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
निवेश के नाम पर युवक से ठगी
कोतवाली थानाक्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी राहुल यादव के अनुसार 30 मई 2024 को उन्हें एक ग्रुप एडमिन के जरिए व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। जिसमें स्टॉक मार्केट में रुपये निवेश कर अच्छे रिटर्न की बात बताई गई। इस पर वह बातों में आ गए और 77,500 रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। कई दिन बीत जाने पर भी जब रुपये वापस नहीं हुए तो उन्हें अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर सेल के साथ कोतवाली थाने में मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।
