वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ पर्सनल लॉ बोर्ड, इस दिन होगा संसद के सामने जंतर-मंतर पर धरना...
जमीर सिद्दीकी, कानपुर। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ सड़क पर उतरने की घोषणा की है। पहला धरना 7 मार्च को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और बिहार की राजधानी पटना में होगा। इसके बाद 10 मार्च को जंतर-मंतर दिल्ली में धरना दिया जाएगा, जिसमें सभी धर्मों के धर्म गुरु शामिल होंगे। पर्सनल लॉ बोर्ड का कहना है कि सरकार की नीयत वक्फ संपत्ति को लेकर साफ नहीं है। सरकार वक्फ संपत्तियां हड़पना चाहती है।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं आंदोलन के संयोजक डॉ. सैयद कासिम रसूल इलियास का कहना है कि बोर्ड विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन करेगा। वक्फ संशोधन बिल पर जनता की राय जानने के लिए गठित की गई संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के सामने करोड़ों लोगों ने बिल पर विरोध दर्ज कराया लेकिन सरकार बिल को संसद में पेश करने जा रही है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के 10 मार्च को दिल्ली में होने वाले धरने में बोर्ड दीनी व मिल्ली जमाअतें, समाजी तंजीमों के साथ सिख व ईसाई के धार्मिक रहनुमा भी धरने में शामिल होंगे।
