मुरादाबाद: दूसरा निकाह कर पहली पत्नी को दिया तीन तलाक
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने के बाद पति ने दूसरा निकाह कर लिया। विरोध करने पर पहली पत्नी को तीन तलाक देकर छोड़ दिया। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने पाकबड़ा पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गुरेठा मार्ग निवासी फात्मा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने के बाद पति ने दूसरा निकाह कर लिया। विरोध करने पर पहली पत्नी को तीन तलाक देकर छोड़ दिया। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने पाकबड़ा पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गुरेठा मार्ग निवासी फात्मा ने एसएसपी को तहरीर दी। उसका कहना था कि करीब 15 साल पहले उसका निकाह बिलारी थाना क्षेत्र के राजा सहसपुर निवासी मोबीन के साथ हुआ था। निकाह के वक्त मायके वालों ने करीब तीन लाख रुपए खर्च किए थे। बताते हैं कि दो साल बाद ही ससुराली एक लाख रुपए और बाइक की मांग करने लगे। इंकार करने पर सास परवीन अली, नंद नाजमा और नंदोई साजिद समेत अन्य ससुराली उसे परेशान करने लगे।
महिला के अनुसार निकाह के बाद से उसके छह बच्चे हुए। करीब तीन साल पहले वह पाकबड़ा आकर रहने लगी। आरोप है कि इसके बाद भी ससुरालियों का उत्पीड़न कम नहीं हुआ और पति मोबीन ने दूसरा निकाह कर लिया। इसकी शिकायत पुलिस से की तो उसने खर्चा देने की बात कही। आरोप है कि दस नवंबर को पति घर आया और विवाद करने लगा, बाद में तीन तलाक देकर चला गया।
