शाहजहांपुर: नेपोलियन कुत्ता मुंह में दबोचा और चल दिया तेंदुआ...CCTV देख मकान मालिक भी हैरान
मंगलवार तड़के 4:30 बजे गांव कजरा में कुत्ते को बनाया निशाना
खुटार, अमृत विचार। गांव कजरा में फार्म हाउस पर मंगलवार तड़के 4:30 बजे तेदुएं ने नेपोलियन कुत्ते पर हमला कर उसका शिकार कर लिया और मुंह में दबोच कर घसीटते हुए जंगल में लेकर चला गया। सीसीटीवी कैमरे के जरिये घटना की जानकारी सामने आ पाई। सूचना पर पहुंची वनकर्मियों की टीम ने जंगल में कुत्ते का अधखाया शव बरामद किया। जांच के बाद उसे गड्ढे में दफना दिया है। वनकर्मियों ने सतर्कता बरतने की अपील की है।
क्षेत्र के गांव कजरा के रहने वाले गुरुदत्त सिंह ने बताया कि उन्होंने घर में नेपोलियन कुत्ता पाल रखा था। घर के आंगन में कुत्ता बांध देते थे। सोमवार रात को कुत्ते को घर के बाहर खुला छोड़ दिया था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे वह सोकर उठे और कुत्ते को टहलाने के बाद घर लौट आये थे। कुछ देर के लिए कुत्ते को खुला छोड़ दिया था। इस बीच तेंदुआ घर के पास पहुंच गया। जहां तेदुएं ने कुत्ते पर हमला कर दिया और मारने के बाद करीब एक किमी दूर घसीटते हुए लौंहगापुर जंगल में चला। गुरुदत्त सिंह घर के अंदर से बाहर लौटे तो कुत्ता गायब था। इधर-उधर तलाश शुरू की। लेकिन नहीं मिला। गुरुदत्त सिंह ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें तेदुएं ने उसे मारकर मुंह में दबोच कर ले जाते हुए देखा का वीडियो कैद हो गया। यह देख होश उड़ गए।
इसके बाद वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर वन रक्षक दीपक सिंह ने अन्य वनकर्मियों के गांव पहुंच कर गुरुदत्त सिंह से पूछताछ की। वनकर्मियों ने घर के आंगन में घसीटने के बने निशान को देखते हुए जंगल में पहुंच गए। जहां कुत्ते का अधखाया हुआ शव बरामद हुआ। वनकर्मियों ने कुत्ते को गड्ढा खोदकर दफना दिया। जांच के बाद वनकर्मी वापस लौट गए। गुरुदत्त सिंह ने बताया कि तेंदुआ की चहलकदमी से लोग डरे हुए हैं। इससे किसी भी समय हमला कर सकता है। तेंदुआ को पकड़वाने की मांग की है।
चार-पांच कुत्तों को बना चुका है निवाला
मंगलवार को गुरुदत्त सिंह के नेपोलियन कुत्ते को तेदुएं ने मार डाला है। इससे लोग काफी डरे सहमे हुए हैं। गुरुदत्त सिंह ने बताया कि गांव के सुलक्खन सिंह, चमकौर सिंह, बलिहार सिंह और गुरुदत्त सिंह के साथ ही अन्य लोगों के कुत्तों को तेदुएं ने अपना निवाला बना चुका है। यह करीब आठ से दस दिनों में घटनाएं घटी है। इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया है। इससे आसपड़ोस के लोग दहशत में है। रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी। वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया था, जांच की गई है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।
ये भी पढ़ें - शाजहांपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में शोक की लहर
