बरेली: 25 वर्षों से बरेली मंडल के प्रत्याशी ही बन रहे शिक्षक एमएलसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद सदस्य के चुनाव में पहली बार मतदाता बने 6230 शिक्षकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर एक दिसम्बर को मिलेगा। इस बार के चुनाव में भी बरेली के वोटरों का मतदाता सूची में एक बार फिर से दबदबा कायम है क्योंकि मुरादाबाद मंडल के मतदाताओं …

बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद सदस्य के चुनाव में पहली बार मतदाता बने 6230 शिक्षकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर एक दिसम्बर को मिलेगा। इस बार के चुनाव में भी बरेली के वोटरों का मतदाता सूची में एक बार फिर से दबदबा कायम है क्योंकि मुरादाबाद मंडल के मतदाताओं की संख्या बरेली से कम है। उपचुनाव में एक बार मुरादाबाद से सीट फिसलने के बाद करीब 25 वर्षों से बरेली के प्रत्याशियों ने ही चुनाव में परचम लहराया है।


बरेली-मुरादाबाद मंडल के नौ जनपदों के 36703 मतदाताओं का प्रतिनिधि कौन बनेगा, इसका फैसला 10 दिन में हो जाएगा। 3 दिसम्बर को मतगणना होगी। शिक्षक एमएलसी चुनाव का लगभग ढाई दशक का इतिहास देखें तो बरेली मंडल के प्रत्याशी ही जीत हासिल कर सके हैं। बरेली के रमेश चंद्र शर्मा विकट के बाद एक समय ऐसा था कि यह सीट दो बार लगातार मुरादाबाद के कब्जे में थी। केशव कुमार शर्मा दो बार विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे। दूसरी बार में करीब चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने वाला था लेकिन उनका निधन हो गया। इस क्षेत्र में उपचुनाव हुआ तो बरेली के रामबाबू शास्त्री ने जीत हासिल कर ली। यहीं से मुरादाबाद के हाथ से सीट निकल गई। बाद में सामान्य निर्वाचन में एक बार फिर से रामबाबू शास्त्री एमएलसी चुने गए। इसके बाद बरेली के ही सुभाष चंद्र शर्मा दो बार एमएलसी रहे। 2014 में सपा ने शाहजहांपुर के संजय मिश्रा को मैदान में उतारा और वह भी जीत गए। अब देखना है कि इस बार के चुनाव में किस मंडल के प्रत्याशी के सिर पर ताज होता है।

बरेली मंडल में वोटरों का मतदाता सूची में दबदबा
बरेली। मतदाताओं की संख्या पर गौर किया जाए तो मतदाताओं की संख्या में 2014 के अपेक्षा दोगुनी हो गई है क्योंकि पिछले चुनाव में 17420 मतदाता थे जो इस बार 36703 हो गए हैं। इस चुनाव में बरेली में 2389 से 6230, बदायूं में 1327 से 3275, शाहजहांपुर में 2656 से 3896, पीलीभीत में 731 से 1967, मुरादाबाद में 2519 से 5475, रामपुर में 605 से 2742, बिजनौर में 4692 से 6352, अमरोहा में 216 से 3779, संभल में 1285 से 2987 तक पहुंच चुकी है। सबसे अधिक वोटों की बढ़ोतरी अमरोहा में हुई है। इसके बावजूद अभी बरेली मंडल के मतदाताओं की संख्या अधिक है।

संबंधित समाचार