बदायूं : जिले में 2265 स्थानों पर होगा होलिका दहन, चार सेक्टरों में बंटा हर थाना
होलिका दहन के मद्देनजर पुलिस ने की व्यवस्था, एक प्लाटून पीएसी की रहेगी तैनाती
बदायूं, अमृत विचार। होली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। जिले के गांव, कस्बा, नगर आदि में 2265 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। 20 स्थानों पर मेला लगेंगे और 22 शोभायात्रा व जुलूस निकाले जाएंगे। हर थाने को सेक्टर में बांटा गया है। जिले में एक प्लाटून पीएसी रहेगी। थानों पर पीएसी की कंपनी रहेगी। थानों से आंकड़े लेकर प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है।
एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि थानों से आंकड़े लिए गए थे। होलिका दहन स्थल चिंह्नित किए गए हैं। जिले को एक प्लाटून पीएसी मिली है। सभी बड़े थानों को चार से पांच और छोटे थानों को तीन से चार सेक्टर में बांटा गया है। सभी सेक्टर में पुलिस की क्यूआरटी रहेगी। इसके अलावा गांव और पंचायत स्तर पर पांच-पांच लोगों की कमेटी बनाई गई है। जो खुद होलिका दहन स्थल पर रहेंगे और पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। बड़े होलिका दहन स्थलों पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी। जिससे आग लगने पर आसानी से काबू पाया जा सके। बताया कि पिछले साल होली पर कोई बड़ी घटना नहीं हुई थी। इस बार भी पूरी तैयारी है कि कोई घटना न हो।
होली व जुमा की नमाज पर छह जोन में बंटा जिला
होली का रंग 14 मार्च को खेला जाएगा। इसी दिन रमजान में जुमा की नमाज अदा की जाएगी। जिसके चलते पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आयोजन एक ही दिन होने के चलते जिले को छह जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। पूरे जिले में 36 क्यूआरटी रहेंगी। थाना पुलिस के अलावा पीएसी की कंपनी तैनात रहेंगी। पीस कमेटी की बैठक कराई जा रही हैं। क्षेत्र के मुअज्जिज लोगों से बात भी की गई है। जुमा के बाद अलविदा की नमाज और फिर ईद होगी। जिले में पर्याप्त फोर्स है। ईद सकुशल संपन्न कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें - बदायूं : परिवार में विवाद के बाद महिला ने विषाख्त पदार्थ खाकर दी जान
