Barabanki News : जन औषधि केंद्रों से आम जन को 30 हजार करोड़ की बचत : अरुण सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Barabanki, Amrit Vichaar : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने कहा कि देश के आम नागरिकों को  उच्च गुणवत्ता वाली सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने एवं स्वस्थ और फिट भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा देश में 15 हजार से अधिक जन औषधि केंद्र प्रतिदिन 50-90 प्रतिशत कम कीमत पर दवाएं मुहैया करा रहे हैं। कहा पीएम मोदी के नेतृत्व में  भारत की स्वास्थ सेवाओं में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहा है। गत दस वर्षों में एम्स और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे देश में श्रेष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।राष्ट्रीय महामंत्री शुक्रवार को जन औषधि दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जेनेरिक दवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने और इस योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए जन औषधि केंद्र  महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (पीएमबीजेपी)  के तहत एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने स्वास्थ्य सेवा को सभी के लिए सस्ती और सुलभ बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने  महाकुंभ की ऐतिहासिक सफलता के लिए सीएम  योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, पूर्व सांसद उपेन्द्र रावत, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, अमरीश रावत, रामकुमारी मौर्य, मीडिया प्रभारी विजय आनंद बाजपेई, संदीप गुप्ता, प्रमोद तिवारी, मनोज वर्मा, रचना श्रीवास्तव, रोहित सिंह, रामेश्वरी त्रिवेदी, आशुतोष अवस्थी समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जन औषधि केंद्रों से 30,000 करोड़ रुपये की बचत
अरुण सिंह ने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से हर दिन 10 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिल रहा है, जिससे नागरिकों की लगभग 30 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है। यह एक महत्वपूर्ण आंकड़ा है जो दर्शाता है कि यह योजना आम आदमी के लिए कितनी फायदेमंद साबित हो रही है।

25 हजार जन औषधि केंद्र खोलने की योजना
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार सस्ती स्वास्थ्य सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में काम करते हुए 31 मार्च, 2027 तक देश भर में 25 हजार जन औषधि केंद्र खोलने की योजना है।

पिछले 10 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व वृद्धि
अरुण सिंह ने रसायन और उर्वरक मंत्रालय के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों में जन औषधि केंद्रों की संख्या में 180 गुना वृद्धि हुई है और बिक्री में भी 200 गुना वृद्धि देखी गई है। यह इस योजना की सफलता और लोकप्रियता का प्रमाण है।

सप्ताह भर चलने वाला उत्सव
राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने इसके पूर्व लखपेड़ाबाग स्थित जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। लाभार्थियों से वार्ता करके जन औषधि केंद्रों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने बताया कि  केंद्र सरकार जन औषधि दिवस को एक सप्ताह तक चलने वाले उत्सव के रूप में मनाती  है। इस दौरान, पीएमबीजेपी को बढ़ावा देने के लिए रथ और वाहनों को हरी झंडी दिखाने, जन आरोग्य मेला, वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर, बच्चों की भागीदारी, न्यूट्रास्युटिकल उत्पादों का वितरण, सैनिटरी पैड वितरण, फार्मासिस्ट जागरूकता सेमिनार और जन औषधि मित्र स्वयंसेवक पंजीकरण अभियान जैसी कई गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस अवसर पर पीएमबीआई के नोडल अधिकारी नितिन सिंह, डिप्टी सीएमओ डीके श्रीवास्तव, एसीएमओ राजीव दीक्षित व केंद्र संचालक शील चंद्र मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में सेना का जगुआर लड़ाकू विमान क्रैश, अंबाला एयरबेस से भरी थी उड़ान

संबंधित समाचार