Barabanki News : पड़ोसी महिला से संपर्क रखने में बाधा बना रहा था पिता, तब बेटे ने कर दी हत्या
बाराबंकी, अमृत विचार : करीब 15 दिन पूर्व बकरी चराने के दौरान निर्मम हत्या पर पड़ा रहस्य हट गया। वृद्ध को उसके छोटे पुत्र ने ही चाकू के ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतारा था। वजह महज यह कि पुत्र के एक महिला से रिश्ते में पिता बाधा बन रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि गत 21 फरवरी को अब्दुल अजीज (63) निवासी ग्राम पीड़ थाना देवा गांव के बाहर अपनी बकरी चराने के लिए घर से निकले थे। परिजन उन्हे तलाश करने निकले तो अब्दुल अजीज का शव गांव के बाहर खारजा नहर पटरी के पास खेत के किनारे मिला। उनके सीने पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक डा अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में प्रकाश में आये मृतक के छोटे बेटे अब्दुल हसन को इब्राहिमपुर कला मोड़ के पास से गिरफ्तार करने के साथ ही उसके कब्जे से चाकू बरामद किया गया। पूछताछ से पता चला कि अब्दुल हसन गांव की ही एक महिला से बातचीत करता था, लेकिन उसके पिता इस बात से नाराज रहते थे। वह उस महिला से बातचीत का विरोध करते रहे।
अभियुक्त अपने पिता के रवैये से परेशान था इसलिए अपने पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनायी। घटना के दिन अभियुक्त के पिता अब्दुल अजीज, दोपहर के समय गांव के बाहर बकरी चराने गये थे, इस बात की जानकारी उनके पुत्र अब्दुल हसन को थी। अब्दुल हसन घर से एक चाकू लेकर अपने पिता के पास पहुंचा जहां दोनों की आपस में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान अभियुक्त ने मौका पाकर पीछे से अपने पिता की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गिर गये, उनके गिरते ही अभियुक्त ने पिता के सीने पर चाकू से वार करके हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें- Barabanki News : जन औषधि केंद्रों से आम जन को 30 हजार करोड़ की बचत : अरुण सिंह
