उन्नाव में विवाहिता की ससुराल में हुई संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप; आठ माह पहले हुई थी शादी
उन्नाव, अमृत विचार। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गौरी गांव निवासी आठ माह की विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। देर रात ससुरालियों से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की मिली सूचना पर पहुंचे परिजनों को बेटी का शव बेड पर पड़ा मिला। पिता ने दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगा पति समेत परिजनों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने पति को थाने में बैठाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दही थानाक्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग गांव के मजरा कलंदर खेड़ा निवासी राजेश यादव पुत्र स्व. रामनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी मानसी (19) की शादी 15 जुलाई-2024 को सोहरामऊ क्षेत्र के गौरी गांव निवासी सुशील यादव के बड़े बेटे आदित्य से की थी।
आरोप है कि तिलक वाले दिन से ही ससुरालियों ने दहेज में सोने की चेन न देने को लेकर कहासुनी की थी। लेकिन बाद में मामला शांत हो गया था। लेकिन शादी के बाद से ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। मायके आने पर बेटी ने परिजनों को इसकी जानकारी भी दी लेकिन, उन्होंने थोड़े दिन में सब ठीक होने का दिलासा देकर समझा दिया।
सोमवार देर रात दो बजे मानसी के देवर प्रतीक ने फोन कर राजेश को बताया कि उसकी बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इसकी खबर मिलते ही मायके पक्ष से चाचा राज व अन्य परिजन पहुंचे तो मानसी का शव बेड पर पड़ा था। मौत को संदिग्ध देख उसने पहले पीआरवी फिर सोहरामऊ पुलिस को सूचना दी।
एसओ शरद चंद सहित अन्य अफसर पहुंचे और जांच कर शव मोर्चरी भेजा। पिता ने पति आदित्य, देवर प्रतीक, सास संगीता व ससुर सुशील पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस पति को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
