UP Board Exam 2025: 3080 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा, 25 परीक्षा केन्द्रों पर सचल दलों ने किया निरीक्षण
लखनऊ, अमृत विचार: यूपी बोर्ड के 3080 परीक्षार्थियों ने मंगलवार को परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान 25 परीक्षा केन्द्रों पर सचल दलों ने निरीक्षण किया। प्रथम पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान तथा इंटरमीडिएट की फल एवं खाद्य संरक्षण, टंकण हिन्दी एवं अंग्रेजी, इम्ब्राइडरी एवं कम्प्यूटर तकनीकी एवं मेन्टीनेन्स परीक्षा हुई। इस दौरान 4 सचल दलों द्वारा प्रथम पाली में जनपद के कुल 16 परीक्षा केन्द्रों का गहनता से निरीक्षण किया। प्रथम पाली में 3031 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं द्वितीय पाली में हाईस्कूल की संस्कृत, सिलाई ,कृषि अभियंत्रण एवं इण्टरमीडिएट की कृषि पशुपालन व पशु चिकित्सा विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान सचल दलों ने 9 परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। द्वितीय पाली में 49 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
निदेशक ने तीन परीक्षा केंद्रों को दिया नोटिस
प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने 4 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तीन विद्यालयों में अव्यवस्था मिलने नोटिस जारी की ही।
निदेशक ने मंगलवार को राजकीय हुसैनाबाद इंटर कालेज, कुम्हरावां इंटर कालेज, रामा कॉन्वेंट इंटर कालेज,राष्ट्रपिता स्मारक इंटर काॅलेज का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान राजकीय हुसैनाबाद इंटर काॅलेज के प्रांगण में सफाई व्यवस्था खराब मिली। वहीं कुम्हरावां इंटर काॅलेज और रामा कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था सघन मिली। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने तीनों विद्यालयों को नोटिस जारी किया है।
डीआईओएस ने केन्द्र एवं बाह्य व्यवस्थापक को दिया नोटिस
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने श्रीआदर्श पटेल इंटर कॉलेज , विद्यास्थली इंटर कॉलेज, नव जागृति इंटर कालेज और एमएल पब्लिक स्कूल कन्नीखेड़ा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें एमएल पब्लिक स्कूल में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती सही नहीं मिली, प्रश्न पत्र खोलने वाले प्रपत्र अपूर्ण मिला साथ ही ऑनलाइन मानीटरिंग हेतु स्थापित कम्प्यूटर एवं उपकरण का रखरखाव भी उचित नहीं मिला। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक को नोटिस जारी किया है।
यह भी पढ़ेः Holi Chemical Colors: केमिकल वाले रंगों से हो सकता है एक्जिमा, जानें कैसे करें बचाव
