हमीरपुर में जमीनी विवाद व पेड़ काटने को लेकर दो पक्ष भिड़े; एक ने दूसरे पर चलाई गोलियां, एक घायल

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

हमीरपुर, अमृत विचार। बुधवार को सुबह सुमेरपुर कस्बे में देवगांव चौराहा जमीनी विवाद के कारण गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। एक पक्ष दूसरे पक्ष की जमीन पर खड़े पेड़ों को काट रहा था। दूसरे पक्ष के मना करते ही उन्होंने साथ लाए लाइसेंसी दोनाली बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। 

दूसरे पक्ष ने दीवार की आड़ लेकर जान बचाई। इस फायरिंग में उसके कंधे में गोली लगी है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद करते हुए 8 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है।

सुमेरपुर कस्बे के रानी लक्ष्मीबाई तिराहा के समीप रहने वाले अवधकिशोर पांडेय की जमीन देवगांव चौराहा के समीप है। यहीं पर बड़ी पुलिया के पास मैथिलीशरण गुप्त मार्ग निवासी राममिलन सोनी की जमीन है। राममिलन सोनी का दावा है कि अवधकिशोर पांडेय की जमीन उसकी है। इसी जमीन में बुधवार सुबह 7 बजे राममिलन अपने भाई रामजी सोनी, राजकुमार सोनी, पुत्र सत्यम एवं शिवम सोनी व सात आठ अज्ञात लोगों के साथ पेड़ काट रहा था। 

सूचना पाकर अवध किशोर पांडेय मौके पर आए और पेड़ काटने से मना किया। इस पर राममिलन सोनी ने गाली गलौज करते हुए लाइसेंसी दोनाली बंदूक के साथ अवैध असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। गोली अवधकिशोर पांडेय के कंधे में लगी। इससे वह गिर गए और हमलावर हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। 

घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने राममिलन सोनी, उसके भाइयों व पुत्रों के साथ सात आठ अज्ञात के खिलाफ प्राणघातक हमला करने का मुकदमा दर्ज करके मुख्य आरोपी राममिलन सोनी को दुनाली बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। घटना की सूचना पाकर सीओ सदर राजेश कमल घटनास्थल पर पहुंचे और थानाध्यक्ष अनूप सिंह को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए।

अवधकिशोर के भाई की हो चुकी है हत्या

अवधकिशोर पांडेय के बड़े भाई राजकिशोर पांडेय की हत्या 2007 में तहबाजारी की वसूली के विवाद में हत्या कर दी गई थी। राजकिशोर पांडेय बसपा के मौजूदा नगर अध्यक्ष थे। राजकिशोर की हत्या के बाद अवधकिशोर पांडेय ही सब कुछ देख सुन रहे हैं। इस जमीन को लेकर कई बार विवाद हो चुका है लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मामला शांत चल रहा था। इस घटना के बाद अब फिर विवाद उठ खड़ा हुआ है।

ये भी पढ़ें- कानपुर के जूही में सीवर समस्या का निदान, आधी रात मेट्रो ने डाली लाइन; आधा दर्जन मोहल्ले के लोग थे परेशान

संबंधित समाचार