Bareilly: मस्जिद के गेट पर हत्या...तीन दिन पहले भी हुआ था तौहीद और जाहिद पर हमला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज के गांव सरनिया में नमाज अदा करके पिता के साथ मस्जिद से बाहर निकले युवक पर उसके ससुराल वालों ने ही छुरी और बांके से हमला कर दिया। बुरी तरह लहूलुहान हुए पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती बेटे की भी हालत गंभीर है। युवक के निकाह के चार महीने बाद ही बीवी को छोड़ देने के कारण डेढ़ साल से दोनों पक्षों में दुश्मनी ठनी हुई थी। युवक के ससुर और चार सालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक साले को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन पहले भी दबीर के बेटों ने तौहीद अली और जाहिद पर हमला किया था लेकिन दोनों किसी तरह बच गए थे।

गांव सरनिया निवासी 22 वर्षीय जाहिद अली पिता 45 वर्षीय तौहीद अली के साथ शुक्रवार रात गांव की ही मस्जिद में नमाज अदा करने गए थे। रात करीब नौ बजे नमाज अदा कर दोनों नमाजियों के साथ बाहर निकले, तभी पहले से उनका इंतजार कर रहे गांव के ही दबीर अली, उसके बेटे नाजिम, आजम, मुनाजिर और इकराम ने दोनों पर हमला कर दिया। नाजिम ने छुरी और मुनाजिर ने बांके से तौहीद पर ताबड़तोड़ वार किए। बाकी लोगों ने जाहिद पर लाठी डंडे से हमला किया। अचानक हुई घटना से नमाजियों में भगदड़ मच गई।

तौहीद और जाहिद के लहूलुहान होकर गिरने के बाद हमलावर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी मानुष पारीक और इंस्पेक्टर सीबीगंज सुरेश चंद्र गौतम ने दोनों घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने तौहीद को मृत घोषित कर दिया। जाहिद अली की ओर से पुलिस ने दबीर और उसके चारों बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

कानूनी लड़ाई से खूनखराबे तक पहुंचा विवाद

जाहिद का निकाह 16 अक्टूबर 2023 को दबीर अली की बेटी गुलनाज बी से हुआ था। निकाह के चार महीने बाद ही जाहिद ने गुलनाज को छोड़ दिया और गुजरात काम करने चला गया। ससुराल वालों ने पहले इस मामले में उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके पिता तौहीद अली के खिलाफ भी दुष्कर्म का केस दर्ज कराया गया जो जांच में झूठा पाए जाने पर पुलिस ने खत्म कर दिया था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। इसी वजह से यह घटना घटित हुई।

तीन दिन पहले भी आरोपियों ने किया था हमला
ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन पहले भी दबीर के बेटों ने तौहीद अली और जाहिद पर हमला किया था लेकिन दोनों किसी तरह बच गए थे। इस बार दबीर और उसके बेटों ने योजनाबद्ध ढंग से मस्जिद के बाहर दोनों को तब घेरा जब नमाजियों के होने के कारण उन्हें हमले की जरा भी आशंका नहीं थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले जाहिद का साला मुनाजिर मस्जिद के पास अर्जुन की दुकान पर कुछ सामान लेने गया था जहां जाहिद ने भी अपने साथियों के साथ उस पर हमला किया था। पुलिस ने मुनाजिर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बाकी आरोपी अभी फरार हैं।

संबंधित समाचार