मुख्यमंत्री योगी ने आजमगढ़ में एसआईआर के लिए जनप्रतिनिधियों को किया जागरूक, तय की अधिकारियों की जवाबदेही
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अभियान के प्रति जनप्रतिनिधियों को जागरूक किया तथा अधिकारियों की जवाबदेही और जिम्मेदारी तय की।
आजमगढ़ के दौरे पर आये मुख्यमंत्री ने मंडल के तीनों जिले... आजमगढ़, मऊ और बलिया के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ कलेटक्ट्रेट सभागार में बैठक की। योगी ने बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया है कि भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर जाकर मतदाताओं से सीधा संपर्क करें और जिनका नाम दर्ज नहीं है, उन्हें सूची में शामिल कराया जाए। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए और अपात्र का नाम सूची में दर्ज न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना एक मजबूत और समावेशी लोकतंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में शामिल हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि बैठक का मुख्य विषय एसआईआर रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों का विस्तृत डेटाबेस सौंपते हुए मृतक और लापता मतदाताओं की संदेहास्पद संख्या पर चिंता जताई है।
