कासगंज: होली के बाद बसों की किल्लत, यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार: होली पर्व मनाने के बाद दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद समेत अन्य महानगरों में वापस लौट रहे यात्रियों को बसों की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद ही बस मिल सकी।

जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कई लोग रोजगार और व्यवसाय के लिए महानगरों में रहते हैं। होली मनाने के लिए ये लोग अपने घर आए थे, लेकिन अब त्योहार समाप्त होने के बाद वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कारण सुबह से ही बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे अधिक भीड़ दिल्ली मार्ग पर जाने वाले यात्रियों की देखी गई।

हालात यह रहे कि रोडवेज की 96 बसों में से 55 बसें दिल्ली मार्ग पर लगा दी गईं, फिर भी यात्रियों की संख्या इतनी अधिक रही कि बसें कम पड़ गईं। यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा, और जब बस आई भी तो उसमें जगह पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।

रोडवेज अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। एआरएम ओम प्रकाश ने बताया कि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए अधिकतम बसों को दिल्ली मार्ग पर लगाया गया है। जरूरत पड़ने पर अन्य रूटों से भी बसों को हटाकर इस मार्ग पर चलाया जा रहा है। सभी बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए चालक और परिचालकों के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- कासगंज: शराब पीकर भट्ठा मजदूरों ने साथी की फावड़े से की हत्या, दो लोगों पर FIR

संबंधित समाचार