रामपुर : स्कार्पियो सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर का किया अपहरण

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सैदनगर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में स्कार्पियो सवार पांच बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर को बरामद कर तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला थाना क्षेत्र के खौद चौकी स्थित जौहर विश्वविद्यालय के पास शौकतनगर गांव का है। भूड़ का मझरा निवासी शहादत अली प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। मौजूदा समय में प्रॉपर्टी डीलर जौहर विश्वविद्यालय के आसपास प्लाटिंग कर रहा है। बताते हैं उसका गंज क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी कुछ लोगों से विवाद भी चल रहा था। बुधवार शाम एक स्कॉर्पियो गाड़ी उसकी प्लाटिंग के पास आकर रुकी और डीलर से मारपीट करने लगे।जब तक प्रॉपर्टी डीलर कुछ समझ पाता गाड़ी से चार लोग उतरे और जबरदस्ती उसे गाड़ी में खींच लिया। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को गंज क्षेत्र के एक बाग में ले गए। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना अध्यक्ष करम सिंह पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों से प्रॉपर्टी डीलर को छुड़ा लिया। इस दौरान तीन आरोपियों समेत स्कॉर्पियो गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी थाना गंज क्षेत्र के काशीपुर गांव के बताए जाते हैं। थाना अध्यक्ष करम सिंह पाल उप ने बताया आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - रामपुर : बिलासपुर के युवक की अमेरिका में मौत, प्रधानमंत्री से लगाई गुहार

संबंधित समाचार