बरेली: कोरोना से बचाव को लगाएं मास्क, नहीं तो पड़ेगा 500 रुपये जुर्माना
बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बढ़ते तेवर देखकर जिला प्रशासन भी सख्त हो गया है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने आमजन से कोरोना से बचाव रखने के लिये मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है। दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों से रोडवेज बसों, ट्रेन या अपनी कारों से आने …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बढ़ते तेवर देखकर जिला प्रशासन भी सख्त हो गया है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने आमजन से कोरोना से बचाव रखने के लिये मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है। दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों से रोडवेज बसों, ट्रेन या अपनी कारों से आने वाले लोगों से जिला अस्पताल और 300 बेड हॉस्पिटल में कोविड टेस्ट कराने का आह्वान किया है।
डीएम ने लोगों से कहा है कि टेस्ट कराने से आप समाज हित में कार्य करेंगे। किसी को टेस्ट कराने में जिला अस्पताल या फिर 300 बेड अस्पताल में दिक्कतें आ रही हैं, तो इसकी शिकायत करें। डीएम ने लोगों को चेताया भी है कि जो लोग बिना मास्क के सड़क पर घूमते नजर जाएंगे तो उन पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। एसएसपी को बिना मास्क वाले लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाने के निर्देश दे दिये हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव रखने के लिये लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से परहेज करने की जरूरत है, लेकिन उनकी जानकारी में आया है कि बाहर से आने वाले लोग अपना कोविड टेस्ट नहीं करा रहे हैं।
डीएम ने नगरीय क्षेत्रों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना से बचाव रखने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिये नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हर हाल में कराने को कहा गया है।
बुजुर्गों का रखें ख्याल, भीड़भाड़ में न जाने दें
डीएम ने आमजन से कोरोना काल में बुजुर्गों का ख्याल करने की अपील की है। कहा है कि बुजुर्गों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न भेजें। खासकर शादी समारोह और बाजार क्षेत्रों में। कोरोना से बचने के लिये घर में सैनेटाइजर का प्रयोग करें।
सरकारी कार्यालयों में फिर से कोरोना हेल्प डेस्क सक्रिय की जाएंगी
सरकारी कार्यालयों में फिर से कोरोना हेल्प डेस्क सक्रिय की जाएंगी। दीपावली से पहले तक कोरोना संक्रमण के घटते मरीजों के साथ सरकारी विभागों में खोली गयीं। कोरोना हेल्प डेस्क भी निष्क्रिय हो गयीं थीं। दफ्तरों में आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग नहीं हो रही है। सीडीओ ने सभी विभागों में कोरोना हेल्प डेस्क शुरू करने के निर्देश जारी किये हैं।
बगैर मास्क पहने ग्राहकों को सामान देने वाले श्रम विभाग करेगा कार्रवाई
कोरोना की दूसरी लहर से आमजन को बचाने के लिये श्रम विभाग भी सख्त हो गया है। श्रम विभाग के अधिकारियों ने दुकानदारों को बिना मास्क लगाये सामान लेने आने वाले ग्राहकों को सामान न देने के निर्देश जारी किये हैं। दुकानों पर सैनेटाइजर अनिवार्य रखने को कहा गया है।
