Bareilly: शहर की आबादी में संचालित गैस गोदाम...क्या रजऊ जैसे हादसे को दे रहे दावत ?

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

अधिकारियों की लापरवाही से गैस गोदाम हजारों लोगों के जीवन को दहशत में डाल रहे

शहर में आबादी के बीच कई गैस गोदाम संचालित हो रहे हैं। अगर शहर में किसी गोदाम में रऊज परसपुर जैसा हादसा हुआ तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है, क्योंकि शहर में आसपास के इलाके को खाली कराना इतना आसान नहीं होगा।

बरेली, अमृत विचार। शहर में आबादी के बीच कई गैस गोदाम संचालित हो रहे हैं। अगर शहर में किसी गोदाम में रऊज परसपुर जैसा हादसा हुआ तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है, क्योंकि शहर में आसपास के इलाके को खाली कराना इतना आसान नहीं होगा।

शहर में हार्टमन पुल के अलावा बीसलपुर रोड समेत कई जगह आबादी के बीच या आसपास गैस गोदाम हैं, जबकि पेट्रोलियम मंत्रालय का नियम है कि आबादी के बीच गोदाम नहीं बनाया जा सकता है, इसके बावजूद अफसरों की मिलीभगत से ये गोदाम संचालित हो रहे हैं। अमृत विचार ने शहर के उन आबादी वाले स्थानों की स्थिति परखी, जहां गैस गोदाम संचालित हो रहे हैं। सबसे पहले हार्टमन पुल के पास स्थित गैस गोदाम की स्थिति परखी। यह गोदाम पूरी तरह से आबादी से घिरा हुआ है। हजारों लोगों की आवाजाही दिनभर बनी रहती है। एक चिंगारी भारी जानमाल को नुकसान पहुंची सकती है। गोदाम के पास स्कूल और बिजली की लाइन जा रही है। उसके पास में बैंक्वेट हॉल है।

इसके अलावा मिनी बाईपास के पास भी एक गैस गोदाम आबादी के बीच है। गैस का एक गोदाम कांधरपुर क्षेत्र में आईटीबीपी क्षेत्र से काफी दूर बना हुआ है। कई साल से यहां गोदाम संचालित है, मगर जिला आपूर्ति विभाग और पेट्रोलियम विभाग के अफसरों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। रजऊ में हुए भीषण हादसे के बाद जहां-जहां गोदाम बने हैं, वहां आसपास रहने वाले लोगों में डर बन गया है। कई साल पहले तक कई गोदाम शहर में थे। हार्टमन पुल के करीब दो सौ मीटर दूर एक और गाेदाम था, जो अब शहर से बाहर शिफ्ट हाे चुका है। कटरा चांद खां में भी गोदाम था, लेकिन अब यहां पर सिर्फ गैस एजेंसी हैं। सुभाषनगर का गैस गोदाम भी बाहर शिफ्ट हो गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि रजऊ परसरपुर हादसे के बाद अब शहर में आबादी के बीच चलने वाले गैस गोदाम का निरीक्षण कराया जाएगा। जिसके बाद आबादी के बीच गोदाम संचालित करने वालों को नोटिस देकर उन्हें शहर से बाहर कराया जाएगा।

 

 

संबंधित समाचार