Bareilly: गैस सिलेंडर का पाइप धमाके के साथ फटा, मां-बेटे झुलसे

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में स्थित गांव बलिया में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बुधवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर के पाइप के फटने से भीषण आग लग गई, जिसके चलते मां-बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मां को बचाने की कोशिश में बेटा घायल
जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय गीता देवी (पत्नी तुलाराम) अपनी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं। गीता देवी के कपड़ों में आग लग गई और वह बुरी तरह झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा अमित कुमार तुरंत मदद के लिए दौड़ा। मां को बचाने की कोशिश में अमित भी आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों और पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी (ईएमओ) ने बताया कि गीता देवी को गंभीर जलन के कारण बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि अमित का भी इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम दोनों की स्थिति पर नजर रखे हुए है और उनका उपचार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: 54 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर बंद हुई बेलरायां चीनी मिल

संबंधित समाचार