बदायूं: शहर के अधिकांश इलाकों में प्लाऊ की व्यवस्था नहीं, टोटी ही चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार : गर्मी में पानी ही अमृत के समान होता है, लेकिन यह अमृत कड़ी धूप में न मिले तो हलक सूखने लगता है। नगर पालिका प्रशासन लोगों को पेयजल मुहैया कराने के लिए जगह जगह प्याऊ लगाता है। गर्मी शुरू हो चुकी है और अभी तक शहर में कहीं भी प्याऊ शुरू नहीं हो सके हैं। इससे लोगों का गला सूखने लगा है। जो प्याऊ पहले के लगे हुए थे उसमें टोटी चोरी कर ली गई। इस कारण राहगीर पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।

शासन प्रशासन की ओर से हर साल गर्मी में प्याऊ लगाए जाते हैं। नगर पालिका प्रशासन इसके लिए इंतजाम कर जगह-जगह प्याऊ लगाता है। ताकि लोग कड़ी धूप और गर्मी में गला तर कर सकें। गर्मी में पानी अमृत के समान होता है। इसलिए पानी जीवन का मूल आधार है। लेकिन स्थानीय नगर पालिका प्रशासन अभी भी जागा नहीं है। 

शहर में अभी तक कहीं भी प्याऊ नहीं लगाया गया है। पिछले साल प्याऊ लगाए गए थे वह अधिकांश खराब पड़े हैं। कई जगह तो प्याऊ की टोटी ही चोरी कर ली गई है। कई जगहों पर टैंक के नीचे लगने वाली मशीन ही गायब है। कुछ स्थानों पर टैंक खाली पड़े हैं। यह शहर में बनाए गए प्याऊ की सच्चाई है। शहर में जिला अस्पताल रोड पर पानी का साधन नहीं है। कहीं पर भी प्याऊ नहीं बनाया गया है। कचहरी के निकट पिछले साल प्याऊ लगाया गया था, लेकिन इस साल अभी तक पेयजल के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। 

रोडवेज के आसपास कहीं भी पेयजल नहीं है। शहर के अंदर कुछ स्थानों पर हैंडपंप हैं तो कुछ जगहों पर कुछ भी नहीं है। पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में दुकानदारों के बीच पेयजल का कोई साधन नहीं है। कबूलपुरा से लेकर बड़ी जियारत तक के रोड पर प्याऊ नहीं बनाए गए हैं। भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पानी का इंतजाम नहीं हैं। गर्मी से राहत देने के लिए पालिका प्रशासन को कुछ संगठनों ने पत्र भी लिखे हैं।

खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप
नगर पालिका प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अप्रैल माह में प्याऊ चालू करा दिए जाएंगे। जहां भी प्याऊ खराब हैं या टोटी नहीं हैं वह ठीक करा दिए जाएंगे। लोगों को पेयजल के लिए उधर भटकना नही पड़ेगा। प्याऊ लगाने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित कर दिया गया है।

शहर में शहवाजपुर चौराहे के पास लगा इंडिया मार्का हैंडपम्प खराब पड़ा है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। उधर, दातागंज चौराहे के निकट सरकारी हैंडपंप खराब होने से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। इसी तरह अन्य स्थानों पर भी इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं।

यह भी पढ़ें- बहराइच में रफ्तार का कहर: वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत, सगे भाई समेत पांच घायल

संबंधित समाचार