सीतापुर: कार पलटने से शादी में जा रहे तीन लोगों की मौत
सीतापुर, अमृत विचार। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों की कार बाइक को बचाने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर व एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस …
सीतापुर, अमृत विचार। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों की कार बाइक को बचाने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर व एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक लखीमपुर खीरी जिले से एक कार पर सवार होकर छह लोग मिश्रित इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में बड़गांव के निकट बाइक सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान कार में सवार लखीमपुर खीरी जिले के धौराहरा थाना क्षेत्र के ढखेरवा निवासी सुरेश कुमार (25) पुत्र सियाराम व यहीं के निवासी दिलीप वर्मा (32) पुत्र लक्ष्मी नारायण की मौके पर मौत हो गई। वहीं सुमेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि कार में सवार खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र के कफारा गांव निवासी मुजीब, धौरहरा क्षेत्र के ढकेरवा निवासी सौरभ, अनुपम घायल हो गए। शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे में एजेंट की मौत
रामकोट, सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र के गद्दीपुर निवासी अवधेश कुमार मौर्य पुत्र रामखेलावन मौर्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर फील्ड वर्क के लिए सीतापुर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में दामोदरपुर गांव के निकट आवारा घूम रहे मवेशी सांड ने टक्कर मार दी। जब तक बाइक सवार संभल पाता तब तक पीछे से आ रहे अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बाइक सवार मौत
बिसवां। कोतवाली इलाके के ग्राम बिसवां देहात निवासी लक्ष्मीकांत गुप्ता उम्र 22 वर्ष पुत्र छोटेलाल गुप्ता बीती रात महमूदाबाद रोड पर इंडेन गैस गोदाम के पास बाइक से आ रहा था कि इसी बीच अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार गंभीर रूप से घायल अतुल सिंह उर्फ छंगा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर भेजा गया है। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
