नम आंखों के साथ सादगी पसंद मौलाना कल्बे सादिक सुपुर्द-ए-खाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। शिया धर्म गुरू और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना डा. कल्बे सादिक के पार्थिव शरीर को बुधवार को नम आंखों के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। चौक स्थित यूनिटी कॉलेज में मौलाना महदी महदवीपुर ने नमाज-ए-जनाजा पढ़ाई जिसमें सभी धर्मों के धर्म गुरुओं ने हिस्सा लिया। नमाज-ए-जनाज़ा के साथ उनका …

लखनऊ। शिया धर्म गुरू और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना डा. कल्बे सादिक के पार्थिव शरीर को बुधवार को नम आंखों के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। चौक स्थित यूनिटी कॉलेज में मौलाना महदी महदवीपुर ने नमाज-ए-जनाजा पढ़ाई जिसमें सभी धर्मों के धर्म गुरुओं ने हिस्सा लिया। नमाज-ए-जनाज़ा के साथ उनका पार्थिव शरीर इमामबाड़ा गुफरानमाब में दफनाया गया। इस मौके पर हजारों लोगों ने नम आंखों से शिया धर्मगुरू को अंतिम विदाई दी।

इससे पहले यूनिटी कॉलेज में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने पुष्पाजंलि अर्पित की और परिजनो को ढांढस बंधाया। मनकामेश्वर मंदिर की महंत दिव्या गिरि, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सिराज मेंहदी, बुक्कल नवाब, मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली समेत कई हस्तियों ने डा. सादिक के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किये और पुष्पाजंलि अर्पित की।

दोपहर बाद मौलाना का पार्थिव शरीर करीब चार घंटे में इमामबाड़ा गुफरानमाब पहुंचा। जहां ईरान कल्चर हाउस के मौलाना महदी महदवीपुर व शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जवाद ने मजलिस को खिताब किया। यूनिटी कॉलेज से चौक के इमामबाड़ा गुफरानमाब में आए पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए सड़क के दोनो ओर कतारबद्ध लोग अंतिम दर्शन के लिये खड़े थे।

जनाजे में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। हर कोई सादगी पसंद और नेकदिल मौलाना के जनाजे को कंधा देने के लिये उतावला दिखायी दिया। छोटा इमामबाड़े में कुछ देर के लिए उनका पार्थिव शरीर रखा रहा। गौरतलब है कि 81 वर्षीय शिया धर्म गुरू डा. कल्बे सादिक का मंगलवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अनेक राजनीतिक हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

संबंधित समाचार