Bareilly: कोर्ट के आदेश पर लेखपाल के खिलाफ मुकदमा...रिश्वत लेकर भी नहीं कराया था काम
शीशगढ़, अमृत अमृत। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने लेखपाल पर रिश्चत लेने की रिपोर्ट दर्ज की। शिकायतकर्ता दिनेश कुमार ने बताया उनकी मां प्रधान राकेश कुमारी ने चकमार्ग और तालाब की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने के लिए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। एसडीएम मीरगंज ने हल्का लेखपाल लोकेंद्र को चकमार्ग और तालाब की पैमाइश कर कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए थे।
आदेश के कई दिन बाद भी लेखपाल ने दोनों ही जगह को कब्जा मुक्त कराने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। जब शिकायतकर्ता ने हल्का लेखपाल से मिलकर कब्जा हटवाने को कहा तो लेखपाल ने कार्य के बदले में दस हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर हल्का लेखपाल ने काम करने से इन्कार कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने दस हजार रुपये उसे दे दिए, फिर भी लेखपाल ने चकमार्ग और तालाब को कब्जा मुक्त नहीं कराया। वहीं लेखपाल लोकेंद्र का कहना है कि इससे पहले मीरपुर की प्रधान और प्रधान पुत्र मेरी अनुपस्थिति में कार्यवाहक लेखपाल पर हमला कर जेल जा चुके हैं। इसी रंजिश में उस पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया।
