शाहजहंपुर: जिला कारागार में जन्मी बच्ची को मिला अनमोल नाम, काटा केक...जिला जज-डीएम और एसपी पहुंचे
शाहजहांपुर, अमृत विचार: जनपद न्यायाधीश विष्णु कुमार शर्मा, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार के बाहर मुख्य रोड के किनारे बंदियों द्वारा जेल में निर्मित विभिन्न प्रकार की जनोपयोगी सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया और उत्पादों को देखकर उसकी सराहना की।
तीनों उच्चाधिकारियों ने महिला बैरक का निरीक्षण किया, बैरक में कन्या को जन्म देने वाली महिला से अधिकारियों ने बातचीत की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जेल प्रशासन की तरफ से बच्ची का नामकरण संस्कार आयोजित किया गया। जो वैश्य समाज महिला प्रकोष्ठ की ज्योति गुप्ता, रजनी गुप्ता एवं उड़ान एक उम्मीद वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष नीलम गुप्ता की ओर से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में जच्चा-बच्चा के लिए ड्राई फ्रूट्स, कपड़े, खाने की अन्य वस्तुएं, हाइजीन एवं कॉस्मेटिक किट तथा सभी महिला बंदियों के लिए एवं उनके बच्चों के लिए चॉकलेट, फ्रूटी, चिप्स, कुरकुरे, टॉफी, बिस्कुट आदि भेंट किए गए। दोनों स्वयंसेवी संगठनों ने केक कटवाए। सर्वसम्मति से बच्चा का नाम अनमोल रखा गया।
अधिकारियो ने सुनीं बंदियों की समस्याएं
इसके बाद जिला जज, डीएम और एसपी ने महिला बंदियों से समस्याएं सुनीं। महिला बंदियों ने जेल अधीक्षक मिजाजी लाल की सराहना की। इसी क्रम में पुरुष बैरकों का भी निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने जेल में बनाए जा रहे गमलों एवं नर्सरी का भी निरीक्षण किया और बंदियों के प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से एक महिला बंदी को व्हीलचेयर भेंट की गई।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: विहिप-बजरंग दल ने फूंका राज्यसभा सांसद सुमन का पुतला, बयान पर जताया आक्रोश
