बरेली: गुलाबी रंग के बैलेट पेपर तैयार, आठ जिलों को सौंपे
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर 1 दिसंबर को मतदान है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिये प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुलाबी रंग का बैलेट पेपर छपवाया गया है। उसमें 15 प्रत्याशियों के नाम लिखवाये गये हैं। बैलेट …
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर 1 दिसंबर को मतदान है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिये प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुलाबी रंग का बैलेट पेपर छपवाया गया है। उसमें 15 प्रत्याशियों के नाम लिखवाये गये हैं। बैलेट पेपर में पहले नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी मेहंदी हसन और 15वें नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व एमएलसी सुभाष चंद्र शर्मा का नाम लिखा है।
बताते हैं कि रिटर्निंग अफसर/मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद की ओर से नामांकन प्रक्रिया के बाद जिस क्रम में प्रत्याशियों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी थी उसी क्रम में बैलेट पेपर में भी प्रत्याशियों के नाम लिखे हुये हैं। इधर, बुधवार को मतपत्र व्यवस्था के प्रभारी/बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी प्रेमचंद्र द्विवेदी ने अपनी मौजूदगी में बरेली और मुरादाबाद मंडल के जनपदों को बैलेट पेपर आवंटित कराये।
दोपहर तक मुरादाबाद, शाहजहांपुर, बिजनौर जनपद के अधिकारी पुलिस निगरानी में बैलेट पेपर ले गये। दोपहर के बाद बदायूं, रामपुर, पीलीभीत, अमरोहा जनपद के अधिकारी भी बैलेट पेपर लेने कलेक्ट्रेट पहुंचे। देर शाम संभल के अधिकारी भी आ गये। मतपत्र व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि आठ जनपदों को बैलेट पेपर बांट दिये हैं। बरेली जनपद के अधिकारियों को मतदेय स्थल बार बैलेट देने की व्यवस्था करायी जा रही है। बैलेट पेपर 40400 बनवाये गये हैं। हर जनपद को दो सौ से लेकर तीन सौ तक अधिक बैलेट पेपर दिये गये हैं।
28 पोलिंग पार्टियों के लिये 50 गाड़ियां अधिग्रहीत कीं
बरेली जनपद में 23 मतदेय स्थल और 20 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। मतदान कराने के लिये 23 पोलिंग पार्टियां भेजी जाएंगी जबकि पांच रिजर्व में रहेंगी। पोलिंग पार्टियों को गाड़ियां उपलब्ध कराने के लिये नगर मजिस्ट्रेट को यातायात प्रभारी और जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी व एआरटीओ प्रवर्तन जेपी गुप्ता को यातायात सहायक प्रभारी बनाया है। यातायात प्रभारी अवकाश पर हैं। ऐसे में दोनों सहायक प्रभारियों ने पोलिंग पार्टियों के लिये गाड़ियां अधिग्रहीत कीं। करीब 60 से अधिक सरकारी और निजी गाड़ियां अधिग्रहीत की गयी हैं।
