बरेली: कोरोना भी नहीं टाल पाया शादियां, 4900 लोगों ने ली अनुमति
बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के दौरान ढाई माह तक भले ही व्यावसायिक गतिविधियां ठप रहीं। लोगों के बाहर आने-जाने पर पाबंदी रही। शादी वाले घरों को भी सामान खरीदने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। यहां तक शादी की तारीखें तक लोगों को आगे बढ़ानीं पड़ीं, लेकिन शादियां फिर भी नहीं टलीं। जून माह के प्रथम सप्ताह …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के दौरान ढाई माह तक भले ही व्यावसायिक गतिविधियां ठप रहीं। लोगों के बाहर आने-जाने पर पाबंदी रही। शादी वाले घरों को भी सामान खरीदने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। यहां तक शादी की तारीखें तक लोगों को आगे बढ़ानीं पड़ीं, लेकिन शादियां फिर भी नहीं टलीं। जून माह के प्रथम सप्ताह से 25 नवंबर तक बात करें तो 4900 से अधिक लोग शादी करने के लिये प्रशासन से अनुमति ले चुके हैं।
बरात के लिये अनुमति एसडीएम सदर कार्यालय की ओर से जून माह के प्रथम सप्ताह में लांच की गयी ‘सरल अनुमति डॉट इन’ वेबसाइट से ऑनलाइन ली गयी हैं। इसमें नवंबर माह में एक हजार शादियों की अनुमति ली गयी है। बरेली जनपद में शादियों में बजने वाले बैंड-बाजे पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार शादी हाल में सौ व्यक्तियों के एकत्र होने की अनुमति दी जा रही है। ऑनलाइन अनुमति में शादी वाले घरों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि कोविड नियमों का पालन करते हुये सामाजिक दूरी बनाते हुये खाने और मंडप सजाने की व्यवस्था करें। सौ से अधिक व्यक्तियों के शादी हाल में होने पर कार्रवाई होने पर आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
इसलिये लांच करनी पड़ी थी वेबसाइट
कोरोना काल में जब लाकडाउन लगा। तब शादी की अनुमति अधिकारी मैनुअल दे रहे थे। बड़ी संख्या में अनुमति लेने के आवेदन आये तो प्रशासन ने सख्ती की। इस पर शादी की अनुमति के लिये लोगों ने जनप्रतिनिधियों से तक फोन कराये थे। कलेक्ट्रेट में आवेदन पहुंचने वालों की संख्या अधिक होने पर डीएम ने शादी की अनुमति एसडीएम सदर कार्यालय से जारी करने के निर्देश दिये।
तब एसडीएम सदर आईएएस ईशान प्रताप सिंह यहां तैनात थे। शादी की अनुमति लेने के लिये एसडीएम कार्यालय में भी भीड़ पहुंचने लगी। तब कोविड नियमों का पालन कराने के लिये ऑनलाइन अनुमति जारी करने को तत्कालीन एसडीएम सदर ने ‘सरल अनुमति डॉट इन’ वेबसाइट लांच की। एसडीएम के स्टेनो संजीव कश्यप ने बताया कि जून माह में वेबसाइट लांच हुई थी। तब से अब तक 4900 लोग शादी की अनुमति ऑनलाइन ले चुके हैं।
बरात व अन्य कार्यक्रमों को लेकर डीएम ने जारी किये निर्देश
बरेली। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बुधवार को कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम को लेकर नये निर्देश जारी कर दिये हैं। उसमें कहा गया है कि यदि कंटेनमेंट जोन के बाहर समस्त सामाजिक, शैक्षिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक व राजनीतिक कार्यक्रमों एवं अन्य सामूहिक गतिविधियां, शादी समारोह संचालित हो रहे हैं, तो उसमें सौ लोगों को ही प्रतिभाग करने की अनुमति दी गई है।
किसी भी बंद स्थान या हाल/कमरे की निर्धारित क्षमता का 50 प्रतिशत लोग शामिल हो सकते हैं। कहने का मतलब, एक समय में अधिकतम 100 व्यक्ति फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्क्रीनिंग व सैनेटाइजर एवं हैंडवॉश की उपलब्धता के साथ शामिल हो सकते हैं। इसके साथ खुले स्थान या मैदान पर क्षेत्रफल के अनुसार 40 प्रतिशत से कम व्यक्तियों को प्रतिभाग करने की अनुमति है। कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर धारा 144 और 188 के तहत कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
