पीलीभीत: पीटीआर में अब सुबह छह बजे होगा सफारी वाहनों का संचालन, गर्मी के चलते बदला समय 

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

पीलीभीत, अमृत विचार: पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब रोजाना सुबह छह बजे और शाम को 3.30 बजे से सफारी वाहनों का संचालन किया जाएगा। गर्मी के मौसम को देखते हुए टाइगर रिजर्व प्रशासन ने सफारी वाहनों के समय में बदलाव किया है। सर्दी के दौरान सफारी वाहनों का संचालन सुबह सात बजे से किया जाता था।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र के दौरान सैलानियों की सुविधा के लिए सफारी वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें 28 जीनॉन सफारी एवं करीब 47 जिप्सी वाहनों का संचालन किया गया है। चालू पर्यटन सत्र में मुस्तफाबाद गेट, महोफ गेट समेत शहर स्थित नेहरू ऊर्जा उद्यान से इन सफारी वाहनों का संचालन किया जा रहा है।  सफारी वाहनों के माध्यम से ही पर्यटक पीटीआर में सैर करने के साथ चूका बीच समेत अन्य टूरिज्म प्वाइंटों तक पहुंचते हैं। 

टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा इन सफारी वाहनों को दो शिफ्टों में दो जोन में बांटकर संचालन किया जा रहा है। इधर गर्मी के मौसम के मौसम को देखते हुए दोनों शिफ्टों के समय में बदलाव किया गया है। महोफ रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सहेंद्र कुमार यादव ने इस बाबत आदेश जारी किया है। जारी आदेश के मुताबिक सुबह की पहली शिफ्ट में सफारी वाहनों का संचालन सुबह 06 बजे से 09 बजे तक किया जाएगा, जबकि शाम की शिफ्ट में 3.30 बजे से 6.30 बजे तक सफारी वाहन संचालित किए जाएंगें।

पूर्व में सुबह 07 बजे ये 10 बजे और अपरान्ह में 02 बजे से 05 बजे तक संचालन किया जा रहा था। टाइगर रिजर्व के आंकड़ों के मुताबिक बीते मार्च में सफारी वाहनों ने सर्वाधिक फेरे लगाए गए हैं। इसमें जिप्सी वाहनों ने 1268 और जीनॉन ने 499 फेरे लगाए हैं। वहीं फरवरी में जिप्सी वाहनों ने 811 और जीनॉन ने 260 फेरे लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- कासगंज: युवक के कानों में लगी ईयरफोन और हो गया हादसे का शिकार, ट्रेन की चपेट में आकर मौत

संबंधित समाचार