कानपुर के पनकी मंदिर में आठ महिलाओं की चेन तोड़ी...दो के पर्स भी छीने, रोती-बिलखती रही पीड़िताएं, दो हिरासत में
कानपुर, अमृत विचार। पनकी हनुमान मंदिर में दर्शन करने गई पार्षद की मां समेत आठ महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र तोड़ लिए गए। दो महिलाओं के पर्स भी छीन लिए गए। इससे हड़कंप मच गया। पीड़ित महिलाएं रोती-बिलखती इधर-उधर चेन तोड़ने वाली महिलाओं को ढूंढती रहीं लेकिन वे रफूचक्कर हो गईं। बाद में महिलाओं ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
कल्याणपुर वार्ड 19 बारासिरोही की पार्षद ज्योति पासवान के अनुसार महाराजगंज निवासी उनकी मां गुलैइची देवी मंगलवार को पनकी के पंचमुखी हनुमान मंदिर दर्शन करने गई थीं। दर्शन के लिए वह लाइन में लग गईं। तभी भीड़ में गर्भ गृह के पास पीछे खड़ी महिला ने उनके गले में पड़ी लगभग डेढ़ तोले की चेन लूट ली। उन्होंने शोर मचाया और परिसर के अंदर शातिर महिला की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
वहीं इसी दौरान नर्वल निवासी सीमा देवी के भी गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया गया। कल्याणपुर निवासी सरोज द्विवेदी के गले से एक तोले की चेन तोड़ ली गई। कल्याणपुर के सराय चौराहा निवासी नैना देवी की डेढ़ तोले की चेन गर्भ गृह के पास से तोड़ ली गई। विजयनगर निवासी स्मिता चौरसिया बर्रा छह निवासी ग्याना देवी, गुजैनी निवासी मीना देवी की चेन भी लूट ली गई।
सिंहपुर निवासी रामकांती की चेन भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने हाथ से चेन को पकड़ लिया। वहीं उत्तरीपुरा निवासी नैंसी का पर्स लुटेरों ने खींच लिया। पर्स में स्कूल की फीस के 3500 रुपये थे। वहीं आवास विकास तीन निवासी विभा देवी के हाथ से पर्स छीन लिया गया जिसमें 1500 थे।
मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस में परिसर में लगे सीसीटीवी को खंगालना शुरू किया। जिसमें कैद दो संदिग्ध महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- लोगों की बेरूखी ने नहीं की घायल युवक की मदद, उपचार के लिए तड़पता रहा: कानपुर के उर्सला अस्पताल में दम तोड़ा
