अयोध्या : जन्मोत्सव पर रंगभरी उत्सव, भक्तों ने अर्पित किए खिलौने

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

कनक भवन, श्रीराम बल्लभाकुंज, हनुमत निवास, दशरथ महल समेत अन्य मंदिरों में छलक रहा उल्लास

अयोध्या : श्रीरामलला के जन्मोत्सव के बाद अयोध्या के मठ-मंदिरों में बधाइयां गूंज रही हैं। जुग-जुग जियो कौशल्या जी के ललनवा आदि गीतों से भक्त अपने आराध्य के प्रागट्य का उत्सव मना रहे हैं। श्रीराम जन्म के बाद राजा दशरथ और माता कौशल्या को बधाई देने में लीन हैं। भक्तों ने भगवान को तरह-तरह के खिलौने भी अर्पित किए। राम के अवतरित होने के बाद कनकभवन, हनुमत निवास, श्रीराम बल्लभाकुंज, दशरथ महल, लक्ष्मण किला, जानकी महल, रामलला सदन, रंग महल सहित अन्य कई मंदिरों में बधाई गान से जन्मोत्सव का उल्लास छलक रहा है।

इसी कड़ी में सोमवार को सरयू तट स्थित लक्ष्मण किला मंदिर में रंगभरी उत्सव का आयोजन हुआ। महंत मैथिलीरमण शरण की अध्यक्षता में प्रसिद्ध गायक एमबीदास, रामनंदन शरण, विनोद शरण आदि ने जन्म की बधाइयां गाईं तो भक्त झूमने लगे। वहीं मिथिला धाम सहित कई स्थानों से आए श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में श्रीराम जन्मोत्सव पर बधाइयां गाते हुए जमकर रंग बरसाए और खुशी का इजहार किया। इस दौरान मनोहरी गायन वादन के दृश्य को देख लोग नाचते गाते हुए उत्सव को मना रहे थे।

पौराणिक मान्यता के अनुसार जब रामलला का जन्म हुआ था। उस समय कुमकुम और चंदन से इस प्रकार होली खेली गई थी कि अयोध्या में कुमकुम और चंदन का कीचड़ हो गया था। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए रंगभरी उत्सव का पर्व मनाया गया। लक्ष्मण किला के अधिकारी सूर्य प्रकाश शरण ने बताया कि मिथिला से आई सखियों के गायन और नृत्य से जन्मोत्सव का आकर्षण बढ़ गया है। यह आयोजन लगातार छठ उत्सव तक जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें:- तीन को उम्रकैद : चरपाई पर सो रहे दम्पति की गला रेत कर की थी हत्या, दोष सिद्ध होने पर अदालत ने सुनाया फैसला

संबंधित समाचार