बदायूं: दबंगों ने पहले लाठी डंडों से पीटा, फिर बाइक को लगा दी आग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वजीरगंज, अमृत विचार। कार सवार लोगों ने बाइक सवार दो युवकों पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। कार से बाइक को बार-बार टक्कर मारी। दो युवक घायल हो गए। युवकों के रिश्तेदार की बाइक को आग लगा दी। जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है। कार और जली हुई बाइक पुलिस ने थाने में खड़ी करा ली है।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पुसगवां निवासी तंजीर हुसैन पुत्र अनवार हुसैन ने तहरीर देकर बताया कि उनकी भांजी की बेटी को लेकर राशिद आदि उनके परिवार पर फब्तियां कसते हैं। कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं मान रहे। कई बार कहासुनी हो चुकी है। गुरुवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे राशिद, शहनबाज, शेर मोहम्मद, अखलाख, आमिर, मुस्लिम और चार-पांच कार से लाठी-डंडे व रॉड लेकर आए। जान से मारने की नीयत से उनके बेटे मोहम्मद आदिल, भतीजे आफताब को कार से टक्कर मार दी। दोनों ने साइड में कूदकर जान बचाई। 

कार सवारों ने लाठी और लोहे की रॉड से दोनों को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद राशिद ने उनके बेटे की बाइक को बार-बार कार से टक्कर मारी। उन्होंने उनके रिश्तेदार शाहबे आलम की बाइक में आग लगा दी। गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर की वजह से अपने घर में घुस गए। घटना में मोहम्मद आदिल और आफताब घायल हो गए। आरोपी गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।

संबंधित समाचार