मुरादाबाद : सांसद रुचि वीरा ने 3.25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का दिया प्रस्ताव, संबंधित विभागों को भेजी सूची 

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

6 विधायक और 4 एमएलसी ने 4,212.750 लाख के विकास कार्य के प्रस्ताव डीआरडीओ को भेजे, सबसे अधिक नगर विधायक रितेश और एमएलसी सत्यपाल सिंह ने अपनी निधि का किया उपयोग

मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा की सांसद रुचि वीरा को अपने संसदीय क्षेत्र में 2024-25 में किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए शासन ने 5 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। जिसमें सांसद ने 3 करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी धनराशि का अभी 1 करोड़ 75 लाख रुपये शेष है। वहीं, जिले में 10 विधानसभा क्षेत्र से विधायकों और एमएलसी ने 2024-25 में मिलने वाली 50 करोड़ की धनराशि से 90 प्रतिशत के विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं। जिसमें नगर विधायक रितेश गुप्ता ने सबसे अधिक अपनी विधायक निधि की धनराशि विधानसभा क्षेत्र में लगाई है। उनकी धनराशि में मात्र 1.2 लाख की धनराशि शेष है।

मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा ने बताया की उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में बिजनौर जिले के बढ़ापुर और मुरादाबाद क्षेत्र में 3 करोड़ 25 लाख रुपये की सांसद निधि से बिजली से संबंधित और यात्री शेड के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी सांसद निधि के 1 करोड़ 75 लाख रुपये बाकी है। वहीं विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत शासन से विधायकों को मिली धनराशि में विधायकों को 2024-25 में विकास कराए जाने के लिए आवंटित हुई 5-5 करोड़ की विधायक निधि में कांठ विधानसभा से विधायक कमाल अख्तर ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 498 लाख रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं, अब उनकी विधायक निधि में 2 लाख की धनराशि शेष है। वहीं ठाकुरद्वारा क्षेत्र से विधायक नवाब जान को आवंटित हुई 5 करोड़ की विधायक निधि में से विकास कार्य के लिए 496.26 लाख की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए है। उनकी विधायक निधि में 3.73 लाख रुपये की धनराशि शेष है।

 मुरादाबाद देहात विधानसभा से विधायक नासिर कुरैशी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 495.90 लाख रुपये की धनराशि कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी विधायक निधि में 4.10 लाख की धनराशि शेष बची है। मुरादाबाद नगर से विधायक रितेश गुप्ता ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सबसे अधिक 497.71 लाख से विकास कार्य के प्रस्ताव भेजे हैं।अब उनकी विधायक निधि में 1.29 लाख की धनराशि शेष है। कुंदरकी विधानसभा से विधायक रामवीर सिंह ने 253.89 लाख की विधायक निधि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी विधायक निधि में 246.10 लाख की धनराशि शेष है। बिलारी विधानसभा से विधायक मोहम्मद फहीम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य के लिए 383.28 लाख रुपये की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। 

अब उनकी विधायक निधि में 116.711 लाख की धनराशि शेष है। वहीं एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त ने विकास के लिए 337.670 लाख रुपए की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी निधि के 162.33 लाख की निधि शेष है। वहीं भूपेंद्र सिंह ने 304.01 लाख रुपए की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी विधायक निधि में 195.981 लाख रुपये शेष है। एमएलसी रामगोपाल उर्फ गोपाल अनजान ने 445.92 लाख रुपये की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी निधि के 54.07 लाख की निधि शेष है।

एमएलसी सत्यपाल सिंह ने 499.07 लाख रुपये की धनराशि के विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी निधि में 93 हजार की धनराशि शेष है। परियोजना निदेशक निर्मल कुमार द्विवेदी ने बताया कि विधायकों के प्रस्तावित कार्य सबसे अधिक लघु उद्योग और समाज कल्याण सिडको विभाग के हैं। इसके अलावा आरईएस, यूपीनेडा और बिजली से संबंधित कार्य हैं। सभी कार्यों से संबंधित विभागों को धनराशि आवंटित करने के साथ कार्यों की सूची भेज दी गई है।

ये भी पढ़ें :  PM लॉरेंस वोंग बोले-सिंगापुर के आगामी आम चुनाव में भारतीय समुदाय के उम्मीदवारों को भी उतारेंगे

संबंधित समाचार