कानपुर में शादी से तीन दिन पहले घायल युवक ने दम तोड़ा...हादसे में भांजी की हुई थी मौत, बहन को भी आई थीं चोटें

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर देहात में तीन दिन पहले हुए हादसे में घायल युवक की रविवार को मौत हो गई। तीन दिन बाद ही युवक की शादी थी। बहन व भांजी को लेकर युवक घर जा रहा था, तभी तीन दिन पहले हादसा हुआ था। भांजी की मौत के बाद युवक को हनुमंत विहार क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कानपुर देहात के रनियां कुंदनपुर निवासी अतिबल सिंह के 23 वर्षीय बेटे रोहित की 16 अप्रैल को शादी होनी थी। रोहित के एक छोटा भाई पंकज और मां गुड़िया हैं। छोटे भाई ने बताया कि शुक्रवार को रोहित सचेंडी के नकटू गांव में बहन प्रियंका और आठ वर्षीय भांजी अंशिका को बाइक से लेकर घर आ रहा था।
तभी कानपुर देहात में पिकअप की टक्कर से अंशिका की मौत हो गई, वहीं बहन प्रियंका और भाई रोहित घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए परिजनों ने हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में एक हास्पिटल में भर्ती कराया था, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान रोहित ने भी दम तोड़ दिया।