Bareilly: जालसाजों का खेल...कॉलेज पर कब्जा करने के लिए बनाई फर्जी कमेटी, FIR
बरेली, अमृत विचार: एक जालसाज ने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इज्जतनगर के गांव नगरिया परीक्षित स्थित कुंवर रंजीत सिंह साहित्य संगीत कला केंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का खुद को अध्यक्ष और साथी काे प्रबंधक दिखा दिया। नाबालिगों को कार्यकारिणी का सदस्य बना दिया। कॉलेज कमेटी के सदस्य रविंद्र सिंह भदौरिया ने एडीजी से शिकायती की। एडीजी के निर्देश पर थाना इज्जतनगर में पांच नामजद समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नगरिया परीक्षित निवासी रविंद्र सिंह ने एडीजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कुंवर रंजीत सिंह साहित्य संगीत कला केंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का पंजीकरण 1974 में हुआ था। उस वक्त प्रबंध कार्यकारिणी ने तारा सिंह भदौरिया को अध्यक्ष और कुंवर रंजीत सिंह को प्रबंधक चुना था। कुंवर रंजीत सिंह ने 1986 से 1990 तक संस्था का पंजीकरण प्रबंधक रहते हुए कराया था। 1993 में प्रधानाचार्य तारा सिंह की मौत हो गई।
इसके बाद सुरेंद्र स्वरूप वर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर संस्था को हड़पने की साजिश रचते हुए व्यवधान शुरू कर दिया। आरोपी ने 1986 व 1989 में फर्जी दस्तावेज तैयार करा कमेटी का खुद को अध्यक्ष और अपने साथी प्रकाश चंद्र माघवर को प्रबंधक दर्शा दिया। आरोपियों ने सविता सिंह, राशि इन्द्रीवर, भारत भूषण सिंह को सदस्य दर्शाया जबकि 1986 में तीनों सदस्य नाबालिग थे।
पांच वर्ष की उम्र में बना दिया संस्था सदस्य
रविंद्र कुमार ने बताया कि भारत भूषण की जन्मतिथि 19 जुलाई 1981 है। 1986 में वह पांच वर्ष का था। इसी तरह दो अन्य सदस्य भी नाबालिग थे। आरोपी ने साजिश के तहत 1987-88 तथा 1988-89 की प्रबंध कार्यकारिणी की सूची में भारत भूषण सिंह के पिता को स्व तारा सिंह दर्शाया है। आरोप लगाया कि सुरेंद्र स्वरूप वर्मा, भारत भूषण, प्रकाश चंद्र माघवर, सविता, राशि इंद्रीवर और एक अज्ञात व्यक्ति संस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए साजिश रच रहे हैं। एडीजी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ें- बरेली: नाथ धाम टाउनशिप को मिली रफ्तार, एएमयू ने सौंपी सर्वे रिपोर्ट
