Gold Price Hike: सोने ने रचा इतिहास, ₹1 लाख के पार पहुंचा भाव, चेक करें आपके शहर का रेट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। सोने की कीमतों ने मंगलवार को एक नया रिकॉर्ड बनाया है। गोल्ड की कीमतों ने 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार कर लिया है। वैश्विक बाजारों में तेजी, भू-राजनीतिक तनाव, और अमेरिका-चीन टैरिफ वॉर की आशंकाओं ने निवेशकों को सुरक्षित संपत्तियों की ओर आकर्षित किया है, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। भारतीय सर्राफा बाजार में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,00,000 रुपये से अधिक दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट सोना भी 92,000 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। 

वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंकाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फेडरल रिजर्व में सुधार की योजना के संकेत दिए जाने के बाद निवेशकों ने सुरक्षित निवेश की ओर रुख किया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अगस्त डिलीवरी अनुबंध मध्य सत्र के कारोबार में 2,048 रुपये यानी 2.1 प्रतिशत उछलकर 1,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। बाद में, सोना 1,838 रुपये यानी 1.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 99,790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही था, जिसमें 2,492 लॉट के लिए ओपन इंटरेस्ट था। 

इसके अलावा, एमसीएक्स पर अक्टूबर अनुबंध 2,016 रुपये यानी 2.04 प्रतिशत उछलकर 1,00,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। इस बीच, सबसे अधिक कारोबार वाला जून अनुबंध 2,079 रुपये यानी 2.14 प्रतिशत बढ़कर 99,358 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। विश्लेषकों ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व में सुधार की योजना का खुलासा करने के बाद अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर चिंताओं के कारण सोने में उछाल आया। 

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी के मुताबिक, 1990 में सोने की कीमत 3,200 रुपये प्रति 10 ग्राम थी और अगर 2024 के अंत में कीमत देखें तो यह 77,913 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। उन्होंने कहा, “अगर हम पिछले 34 साल की सालाना वृद्धि रिटर्न की गणना करें, तो यह लगभग 9.80 प्रतिशत होता है, और... 2025 की शुरुआत से 21 अप्रैल तक सोने का प्रदर्शन, इसने लगभग 26.20 प्रतिशत रिटर्न दिया है।” अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना वायदा 83.76 डॉलर प्रति औंस या 2.44 प्रतिशत उछलकर 3,509.06 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। 

बाद में यह रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गया और 65.95 डॉलर या 1.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,491.25 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के जिंस के उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमतें पहली बार 3,500 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गईं और घरेलू बाजारों में भी 97,000 के स्तर को पार कर गईं।

वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता और अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध के बढ़ने से बहुमूल्य धातुओं की कीमतों को समर्थन मिल रहा है।” सोमवार को, ट्रंप ने फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती करने के अपने आह्वान को दोहराते हुए कहा कि अगर फेडरल रिजर्व तुरंत ब्याज दरों में कटौती नहीं करता है तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था धीमी हो सकती है। 

सोने की ताजा कीमतें

शहर         22 कैरेट                   24 कैरेट
दिल्ली        ₹92,751              ₹1,01,148
मुंबई         ₹92,664               ₹1,01,051
चेन्नई         ₹93,496               ₹1,01,996
बेंगलुरु       ₹92,751              ₹1,01,148
हैदराबाद     ₹92,751             ₹1,01,148
कोलकाता    ₹92,751             ₹1,01,148
लखनऊ     ₹ 92,900             ₹ 1,01,000

सोने की कीमतों में उछाल के कारण

वैश्विक अनिश्चितता: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों और वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंकाओं ने सोने को सुरक्षित निवेश के रूप में और आकर्षक बना दिया है।

मुद्रास्फीति और कमजोर रुपये: भारतीय रुपये में कमजोरी और बढ़ती मुद्रास्फीति ने सोने के आयात को और महंगा कर दिया है।

त्योहारी मांग: भारत में शादी-विवाह और आगामी त्योहारी सीजन के कारण सोने की मांग में वृद्धि देखी जा रही है।

केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: वैश्विक केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीदारी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतों को और बढ़ाया है।

संबंधित समाचार