शाहजहांपुर: शिवसेना जिला प्रमुख को रंगदारी मांगने में जेल भेजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शिवसेना जिला प्रमुख के खिलाफ मिष्ठान्न भंडार मालिक से रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं शिवसेना जिला प्रमुख का आरोप है कि उसके खिलाफ पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया है। थाना सदर बाजार …

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शिवसेना जिला प्रमुख के खिलाफ मिष्ठान्न भंडार मालिक से रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं शिवसेना जिला प्रमुख का आरोप है कि उसके खिलाफ पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया है।

थाना सदर बाजार क्षेत्र में बालाजी स्वीट्स हाउस के मालिक शिवकुमार गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सात नवंबर शाम करीब चार बजे सत्यपाल मिश्रा नाम का एक व्यक्ति आया और उसने मिठाई ली। आरोप है कि रुपये मांगने पर सत्यपाल मिश्रा ने कहा कि मुझे नहीं जानते हो, तुम जैसे लोगों से रंगदारी वसूलता हूं। मिठाई के रुपये नहीं दूंगा। ज्यादा बोलोगे तो तुम्हारे माल की सैंपलिंग करा दूंगा। मिठाई की दुकान को बर्बाद कर दूंगा। चुप रहने की धमकी देते हुए दुकान से चला गया। फिर वह वापस आया और 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने लगा। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

व्यापारी के हाथ जोड़ने पर आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए निकल गया। मामले की तहरीर पर पुलिस ने शिवसेना जिला प्रमुख के खिलाफ 23 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार को सत्यपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

शिवसेना जिला प्रमुख का आपराधिक इतिहास

  • 2010 में चौक कोतवाली में जिला प्रमुख और उसकी बेटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा
  • थाना सदर बाजार में 2014 में एक व्यापारी से रंगदारी मांगने का मुकदमा
  • रोजा थाने में एससीएसटी एक्ट का मुकदमा
  • चौक कोतवाली में झगड़ा और मारपीट का मुकदमा

आईओ पर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप

जिला शिवसेना प्रमुख सत्यपाल मिश्रा ने बताया कि वह सात नवंबर को बालाजी स्वीट्स पर समोसा, मिठाई, दही बड़ा, आलू की टिक्की खरीदने गया था। दुकानदार देसी घी के नाम पर वनस्पति घी से समोसे बनाकर बेच रहा था। खाने पर वनस्पति घी की खुशबू आ रही थी। इस पर उसने एतराज जताया था और इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी दिया था। दुकान में सैंपलिंग भी हुई थी। जिसका नमूना जांच के लिए लिया गया। मामले में फर्जी आरोप लगाकर फंसाया जा रहा है। आईओ रिश्वत की मांग कर रहा है।

सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक मिठाई व्यापारी की तहरीर पर एक व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। -संजय कुमार, एसपी सिटी

संबंधित समाचार