Kanpur; आपके पास एक किलो सोना तो अब आप करोड़पति; सोना बना लखटकिया, अब 1,01,450 रुपये का 10 ग्राम

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

भाव और रफ्तार ने तोड़े अब तक के सारे रिकार्ड 

कानपुर, अमृत विचार। भाव के मामले में सोना अपने सभी रिकार्ड ध्वस्त करता हुआ 1,01,450 रुपये 10 ग्राम पर पहुंच गया है। अभी दाम और बढ़ने के आसार हैं। वहीं चांदी गिरकर 98000 रुपये किलो पर आ गई है। 

सोने की चाल बताती है कि भाव में बढ़ोतरी की इतनी तेज रफ्तार कभी नहीं रही। 15 दिन में ही भाव 11 हजार रुपये से अधिक बढ़ गए। चार महीने में 23 हजार की बढ़ोतरी हो गई। यदि आपके पास 10 ग्राम सोना है तो आप लखपति हैं और एक किलो है तो करोड़पति।

उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मंत्री राम किशोर मिश्र ने बताया कि इतनी तेज रफ्तार से सोना कभी नहीं बढ़ा। सोने के भाव कुछ समय के लिए भले गिर जाएं, लेकिन बहुत जल्द ही वह पिछले भाव को पीछे छोड़ फिर ऊंचाई पर पहुंच जाता है। यही कारण है कि पुराने जमाने में लोग सोने की खरीदारी को ही प्राथमिकता देते थे। तेजी के कारण अब हल्की डिजाइनर जूलरी ही चलन में है। 

सोने के भाव बढ़ने की वजह

- अमेरिका के टैरिफ प्लान के कारण ट्रेड वॉर और मंदी की आशंका के चलते सोने में जबरदस्त निवेश। 
- डॉलर के मुकाबले रुपया इस वर्ष 4 प्रतिशत तक कमजोर हुआ है, इस कारण निर्यात महंगा हुआ तो सोने के दाम बढ़े।
- सहालग के कारण गहनों की मांग बढ़ी, मुनाफे के मद्देनजर बड़े पैमाने पर निवेश, हैसियत और ठसक का प्रतीक। 

सोने के दाम की जबरदस्त रफ्तार

8 अप्रैल 90600, 10 अप्रैल 93850, 12 अप्रैल 96200, 15 अप्रैल 95700, 19 अप्रैल 98200, 21अप्रैल को 99100 और अब 22 अप्रैल 2025 को 1,01,450 रुपये प्रति 10 ग्राम।  2020 में 48651, 2021 में 48720, 2022 में 54800, 2023 में 61800, 2024 में 75000 का 10 ग्राम। 1 जनवरी 2025 को 78600 था।

चांदी की चाल भी सोने के साथ

8 अप्रैल 92600, 10 अप्रैल 94500, 12 अप्रैल 97500, 15 अप्रैल 98000, 19 अप्रैल 98400, 21 अप्रैल 98650 और अब 22 अप्रैल 2025 को 98000 रुपये प्रति किलो। 2020 में 48651, 2021 में 48720, 2022 में 69000, 2023 में 76500, 2024 में 84300 किलो।

ये भी पढ़ें- कानपुर में रागिनी नायक बोलीं- ज्वलंत मुद्दों को हल करने में भाजपा सरकार पूरी तरह फेल, सोनिया-राहुल पर चार्जशीट को बताया विशुद्ध राजनीतिक षडयंत्र

संबंधित समाचार