देश मांगे इंतकाम-आतंकियों का करें काम तमाम: आतंकी हमले पर कानपुर के लोगों में उबाल, सड़कों पर उतरे लोग, फूंके पुतले, निकाले कैंडल मार्च

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले को शहरवासियों को भी झकझोर कर रख दिया है। शहर में जबरदस्त आक्रोश दिखा। इस हमले में शहर के सपूत के मारे जाने पर लोगों में गुस्से का उबाल है। यह गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। जगह-जगह आतंकवाद का पुतला दहन कर नारे लगाए गए। हमले में शहर के सपूत के मारे जाने पर लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। सड़कों पर उतरे दुखी शहरवासियों ने कहा, पत्नी के सामने पति को गोली मारना। परिवार ने कितना बड़ा दुख और दर्द सहा है। इसका तो बदला बहुत जरूरी है।  लोगों का गुस्सा और दर्द एक साथ झलका। सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक संगठनों आदि ने भी हमले की जमकर आलोचना की। व्यापारी नेताओं ने इस हमले पर केंद्र सरकार से तगड़ी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने शुभम की फोटो शेयर कर श्रद्धांजलि दी और सरकार से बदला मांगा। 

गुरुद्वारे में हुई प्रार्थना 

उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल कानपुर की ओर से संत नगर गुरुद्वारे में प्रार्थना सभा हुई। सभा में प्रदेश प्रभारी एवं अध्यक्ष कानपुर महानगर कपिल सब्बरवाल ने बताया कि व्यापारी समाज ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए जो निर्दोष लोग मारे गए उनको श्रद्धांजलि दी। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई सर्वत्र का भला हो अरदास की गई। कार्यक्रम में रणजीत सिंह बिल्लू, मनमोहन सिंह कोहली, अमित साहनी, अजय सराफ,  विनीत महेश्वरी व सौरभ गुप्ता मौजूद रहे। 

आतंकवाद का फूंका पुतला

भाजपा नेता जीत प्रताप सिंह की ओर से मोतीझील में आतंकवाद का पुतला फंका गया। इस दौरान लोगों ने नारे लगाते हुए आक्रोश भी जताया। कहा गया कि देश के प्रधानमंत्री की ओर से इस घटना का मूंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।  पुतला दहन करने वालों में अरुण शर्मा, हरि आनंद, जया शुक्ला, बीके विश्वकर्मा, कमल तिवारी, अजय भदौरिया सहित अन्य मौजूद रहे।  

प्रार्थना सभा हुई

कानपुर के सपूत शुभम द्विवेदी सहित मारे गए अन्य पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभा हुई। भाजपा नेता व पूर्व विधायक अजय कपूर के गोविंद नगर कैंप कार्यालय में हुई सभा मोमबत्तियां जलाकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की गई। इस दौरान कैंडल मार्च भी निकाला गया। जिसमें प्रधानमंत्री से अनुरोध किया गया कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद पर निर्णायक कार्यवाही की जाए। इस दौरान अंबुज शुक्ला, महेश प्रसाद दीक्षित, विपुल त्रिवेदी, शरद त्रिवेदी, सुनील नारंग, आशीष सचान, पार्षद सुधीर यादव, पार्षद अनिल यादव सहित अन्य मौजूद रहे। 

व्यापारियों की आंखें हुईं नम

टिंबर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री व जीएस टावर मर्चेंट एसोसिएशन के चेयरमैन गुरुजिंदर सिंह की ओर से कोपरगंज बांसमंडी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा के बाद व्यापारियों व सिख समाज ने पहलगाम हमले में निर्दोष निहत्थों की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च के बांसमंडी मस्जिद चोराहे पर पहुंच सभी ने दिवंगत आत्माओ को श्रद्धांजलि दी व चौराहे पर मोमबत्ती रख कर कानपुर के शुभम द्विवेदी की फोटो पर पुष्प अर्पित किये। इस दौरान ज्ञानेश मिश्रा, प्रवीण अग्रवाल, नितिन टेकवानी, भूपिंदर सिंह राजा, अत्तहरुद्दीन, नदीम खान, वसीम उद्दीन, महेश गंगवानी सहीर अली सहित अन्य मौजूद रहे। 

आतंकवाद का फूंका पुतला 

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए बर्रा से कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च के दौरान ही बर्रा बाईपास पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भदौरिया की अगुवाई में आतंकवाद का पुतला भी फूंका गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भदौरिया ने कहा कि भारत में रह रही देशविरोधी ताकतों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भदौरिया ने कहा कि हमले में स्थानीय लोगों का इंवॉल्वमेंट रहा है, उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश संगठन मंत्री पंकज राजावत, पंकज तोमर, हरिओम भदौरिया, अन्नत भदौरिया, अर्पित राणा, गोल्डन भदौरिया, संजय भदौरिया सहित अन्य मौजूद रहे। 

शहीद का मिले दर्जा

कानपुर दक्षिण उद्योग व्यापार मंडल की ओर से हनुमान मंदिर किदवई नगर से किदवई नगर चौराहा तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान व्यापारियों ने जोरदार नारे भी लगाए गए। इस दौरान अध्यक्ष कमल उत्तम व महामंत्री अभिषेक पांडे मोनू ने बताया कि जो निर्दोष लोग मारे गए हैं उनको शहीद का दर्जा मिले। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इस दौरान विजय शुक्ला, श्याम शुक्ला, पलक सिंह, दीपाली यादव, हिमांशु पाल, राम जी अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे। 

मौन जुलूस निकाला

भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले व विकास सिंह भोले की ओर से स्वामी विवेकानंद युवा समिति के बैनर तले मौन जुलूस निकाला गया। मोतीझील स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा से शुरू होकर चंद्रशेखर आज़ाद की गोल चौराहे पर स्थित प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग और स्थानीय नागरिक इस मार्च में शामिल हुए। सभी लोगों ने हाथों में जलती हुई कैंडिल लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि यह हमला केवल व्यक्तियों पर नहीं, बल्कि पूरे देश की एकता और अखंडता पर हमला है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की और कहा कि देशवासियों को एकजुट होकर इसका जवाब देना होगा। इस दौरान दीपू पांडे, दिनेश राय, पार्षद पप्पू पांडे, धीरू त्रिपाठी, अशोक दुबे, अशोक सिंह दद्दा, जनक सिंह चौहान सहित अन्य मौजूद रहे। 

कैंडल मार्च निकला

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के नेतृत्व में कैंडल निकाला गया। चावला मार्केट के समीप जागेश्वर अस्पताल गेट पर मोमबत्ती जलाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह रिंकू के नेतृत्व में निकले इस कैंडल मार्च में नारे लगाते हुए आतंकवाद की निंदा की गई। मार्च में जसबीर धवन, नवीन पंडित, दीपू पासवान, देवांशु बाजपेई, अनिल त्रिपाठी, कमलजीत सिंह,  प्रदीप भाटिया, राहुल जैन, जयदीप सिंह, कुलबीर महाजन सहित अन्य मौजूद रहे 

व्यापारियों ने निकाला पैदल मार्च

पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा कायराना हमले के विरोध में गोविंद नगर मार्केट में व्यापार विकास समिति की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध पूर्वक पैदल मार्च निकाल रहे व्यापारियों ने आतंकवाद के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। प्रदर्शन में भाजपा दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, जसविंदर सिंह,  व्यापार विकास समिति के चेयरमैन महेश सोनी, प्रदेश अध्यक्ष विक्की मूरजानी, महामंत्री सन्नी रामचंदानी, कोषाध्यक्ष राजीव पर्दल, उपाध्यक्ष संदीप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। 

कैंडल मार्च निकाला

श्री बर्तन उधोग व्यापार मंडल की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। तिलियाना चौराहा से घंटाघर चौराहा तक निकले मार्च में व्यापारियों ने नारे लगाकर आक्रोश जताया। इस दौरान अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, महामंत्री पवन गुप्ता, कोषाध्यक्ष अजीत सिंह, पार्षद रजत बाजपेयी, पार्षद आदर्श गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

ये कैसा कश्मीर, जहां खून की नदियां बहती हैं 

हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी ने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि सरकार बदला ले। ये कैसा कश्मीर है, जो साल में हजार दो हजार लोगों को मौत के घाट उतार देता है। इस तरह का कश्मीर नहीं चाहिए, जो सुहाग छीनता है। घर का चिराग बुझाता है। वीडियो में उनकी आंखों में आंसू भरे हैं। उन्होंने मांग की है कि इस घटना में मारे गए सभी लोगों को सरकार आर्थिक मदद करे और बलिदानी का दर्जा दिया जाए। एक अन्य शहरी कुलदीप कुमार ने फेसबुक पेज पर शोक जताया। लिखा है कि सपनों से भरा जीवन शुरू ही हुआ था, आतंकियों ने सुहाग उजाड़ दिया।

यह भी पढ़ें- Kanpur: डिजिटल गोल्ड में निवेश अच्छा विकल्प, शानदार रिटर्न, सालों से तिजोरी में पड़ा सोना आज आर्थिक आजादी बना

 

संबंधित समाचार