शाहजहांपुर: शादी में आई छह साल की मासूम से दरिंदगी...खेत पर ले जाकर किया रेप
मदनापुर, अमृत विचार। मदनापुर क्षेत्र में शादी समारोह में आई छह साल की मासूम से रेप का मामला सामने आया। बच्ची शादी समारोह में गई थी। जहां कोई शख्स उसे अपने साथ गांव के बाहर खेत पर ले गया और रेप किया। बच्ची ने अपने घर पर आकर पूरे मामले की जानकारी दी। खून से लथपथ बच्ची को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। एसपी ने परिवार वालों से जानकारी की। एसपी ने निर्देश दिए कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए।
मदनापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति का परिवार गांव में ही शादी समारोह में गया था। उसकी छह साल की बेटी रात साढ़े नौ बजे तक डीजे पर डांस करती रही। उसके बाद बच्ची लापता हो गई। परिवार वालों ने बरात में उसकी तलाश की, लेकिन नहीं मिली। करीब आधे घंटे बाद बच्ची रोती हुई खेत की तरफ से घर पहुंची। उसके कपड़ों में खून लगा था। बच्ची ने परिवार वालों को घटना से अवगत कराया। उसकी हालत देखकर बरात में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मदनापुर थाना को दी गई। मदनापुर पुलिस गांव में पहुंची और बच्ची व परिवार वालों के जानकारी की। पुलिस ने खून से लथपथ बच्ची को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी। एसपी राजेश द्विवेदी और सीओ सदर प्रयांग जैन गांव में पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने बच्ची के परिवार वालों से जानकारी की। एसपी ने निर्देश दिए कि रिपोर्ट दर्ज करके घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए।
