लखीमपुर खीरी : युवती को बहला कर ले गए युवक, छेड़छाड़ कर देर रात छोड़ा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

विलोबी हाल के पास परिजनों को डरी सहमी मिली युवती

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी भाभी की देखरेख करने आई एक युवती को दो युवक बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। उसके साथ छेड़छाड़ और जोर जबरदस्ती की। देर रात उसे विलोबी के पास उसे बदहवास हालत में छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की पत्नी प्रसव पीड़ा से थी। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक ने बताया कि तीन मई को प्रसव हुआ था। उनकी 19 वर्षीय बहन अपनी भाभी की मदद करने के लिए आई थी। वह दोपहर में नहर रोड पर स्थित एक अस्पताल काम से जा रही थी। तभी रास्ते में मिले दो युवक उसकी बहन को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। वह जब शाम तक अस्पताल से वापस नहीं आई तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई अता-पता नहीं चल सका। परिजन देर रात तक उसकी खोजबीन करते रहे। इस दौरान रात करीब 11:30 बजे युवती बदहवास हालत में विलोबी हाल के पास मिली। वह काफी डरी सहमी हुई थी। परिवार वालों ने जब उससे पूछा तो उसने बताया कि रास्ते से दो युवक उसे झांसा देकर ले गए थे। उसके साथ छेड़छाड़ की और जोर जबरदस्ती करने की कोशिश की। आरोपी कहां उसे लेकर गए थे। डरी सहमी युवती अभी यह कुछ नहीं बता पा रही है। युवती की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। वह युवती को लेकर कोतवाली सदर पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक हेमंत राय ने बताया कि अज्ञात दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : घर के बाहर विशालकाय अजगर देख ग्रामीणों के उड़े होश, वन विभाग ने जंगल में छोड़ा

संबंधित समाचार