बरेली: तीन दिन बाद बंद हो जाएगा एयरफोर्स में तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन
अमृत विचार, बरेली। एयरफोर्स में घुसे तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन अब ज्यादा दिनों का नहीं बचा है। तीन दिनों के बाद एयरफोर्स के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद एयरफोर्स से डब्ल्यूटीआई और वन विभाग की टीमों को रवाना कर दिया जाएगा। मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि तेंदुए …
अमृत विचार, बरेली। एयरफोर्स में घुसे तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन अब ज्यादा दिनों का नहीं बचा है। तीन दिनों के बाद एयरफोर्स के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद एयरफोर्स से डब्ल्यूटीआई और वन विभाग की टीमों को रवाना कर दिया जाएगा।
मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि तेंदुए को ट्रेस करने के लिए बीते दो-तीन दिनों से एयरफोर्स के अंदर डब्ल्यूटीआई की टीमें डेरा जमाए हैं। वहां इंफ्रारेड और सेंसर दोनों तरीके के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
दो-तीन बार पिंजड़े की भी लोकेशन बदली जा चुकी है। इसके बाद भी तेंदुए के एयरफोर्स में होने का कोई सुराग नहीं मिल रहा है। ललित कुमार वर्मा ने बताया कि यदि अगले तीन दिनों तक टीम को कुछ हाथ नहीं लगा तो वह इस बात को साफ कर देगी कि अब एयरफोर्स में तेंदुआ नहीं है। उनका कहना है कि बस टीम के ही जवाब की देरी है। इसके बाद वन विभाग और डब्ल्यूटीआई की टीम को वहां से रवाना कर दिया जाएगा।
तेंदुआ भले ही न पकड़ा जाए, मगर डब्ल्यूटीआई टीम के नाम पर बिल फटना तय
एयरफोर्स में घुसे तेंदुए को भले ही न पकड़ा जाए मगर वन विभाग की तरफ से डब्ल्यूटीआई टीम के नाम पर बिल फटना तय है। डीएफओ भरतलाल का कहना है कि एयरफोर्स में घूम रहे तेंदुए को पकड़ने के लिए अभी तक विभाग का एक भी रुपये खर्च नहीं हुआ है। मगर अभी डब्ल्यूटीआई की टीम का बिल बाकी है। इस बात का फैसला मिशन पूरा होने के बाद ही हो पाएगा कि टीम का कितना बिल बनता है। इससे साफ जाहिर है कि टीम के नाम पर बिल फटेगा।
बाघिन को पकड़ने के लिए दो दिन बाद कानपुर से आएगी टीम
रबर फैक्ट्री में घूम रही बाघिन को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। करीब 9 महीने बीतने के बाद भी बाघिन को पकड़ा नहीं जा सका है मगर अब उसे पकड़ने के लिए कानपुर चिड़ियाघर से टीम आ रही है। यह टीम पशु चिकित्सक डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में कार्य करेगी। मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि यह टीम वैसे तो सोमवार को ही आने वाली थी मगर कन्नौज में एक वन्य जीव दिखाई देने से टीम को वहां पर जाना पड़ा। इसलिए अब यह टीम दो दिनों बाद आएगी।
हालांकि, सोमवार को भी बाघिन की लोकेशन रबर फैक्ट्री में देखने को मिली है। सोमवार को बाघिन ने ऐसी दहाड़ लगाई कि रबर फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा कर्मी दहशत में आ गए। डीएफओ का कहना है कि अब टीम की लागतार सटीक लोकेशन मिल रही है। उसे जल्द ही पकड़ा जाएगा।
